ऑकलैंड (न्यूजीलैंड। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गए पूल-ए के मुकाबले में कप्तान सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने भारत के लिए गोल दागे। जापान की ओर से हिरामित्सु आई ने एकमात्र गोल किया। मैच का पहला हाफ बेहद रोमांचक और कड़ा रहा। दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपिंग के कारण मध्यांतर तक कोई भी टीम खाता नहीं खोल सकी। भारतीय मिडफील्डर ज्योति के लिए यह मुकाबला खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपने करियर का 100वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने बढ़त हासिल की। 33वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर के शॉट को निक्की प्रधान ने सलीमा टेटे की ओर डिफ्लेक्ट किया, जिसे भारतीय कप्तान ने शानदार तरीके से गोल में बदल दिया। हालांकि जापान ने सिर्फ दो मिनट बाद ही जवाब देते हुए 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर हिरामित्सु आई के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक चौथे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल जारी रखा। 49वें मिनट में सुशीला चानू पुखरामबम ने सर्कल के किनारे से सटीक पास दिया, जिस पर लालरेमसियामी ने बेहतरीन डिफ्लेक्शन के साथ गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षा करते हुए बढ़त बरकरार रखी और मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए पूल-ए में छह अंक हासिल कर लिए हैं और सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। इससे पहले भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को हराया था। अब भारत 18 जून को अपने अंतिम पूल मैच में उरुग्वे का सामना करेगा, जबकि जापान और अमेरिका के बीच दूसरे सेमीफाइनल स्थान के लिए मुकाबला होगा।


