सुपर ओवर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा, वैभव सूर्यवंशी से श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने की बात

0

नई दिल्ली: श्रीलंका में जारी ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जो टाई पर खत्म हुआ और फिर सुपर ओवर तक पहुंचा। हालांकि सुपर ओवर में भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी, लेकिन मैच के बाद विवाद ने ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। खराब रोशनी के बावजूद सुपर ओवर कराए जाने पर सवाल उठे, जिससे बहस और तेज हो गई। मुकाबला खत्म होने के बाद जब वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट रहे थे, तब श्रीलंका के एक खिलाड़ी के साथ उनकी तीखी बहस हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा शुरू हो गई। अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस विवाद के बाद श्रीलंका के कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने वैभव से बातचीत की और मैदान पर हुई घटना को लेकर अफसोस जताया, जिससे माहौल को शांत करने की कोशिश की गई।

मीडिया रिपोट के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट के कई सीनियर खिलाड़ियों ने खेल भावना को ध्यान में रखते हुए खुद आगे आकर वैभव सूर्यावंशी से संपर्क किया है और इस पूरी घटना पर अफसोस जताया है। ये वो सीनियर खिलाड़ी हैं जो आईपीएल में खेलने के दौरान सूर्यावंशी को करीब से जानते हैं। वैभव सूर्यावंशी से बातचीत करने वाले ये सीनियर खिलाड़ी उस श्रीलंका A टीम में शामिल नहीं हैं जो अभी ट्राई-सीरीज खेल रही है। दरअसल ये श्रीलंका के वो बड़े और अनुभवी क्रिकेटर्स हैं जो आईपीएल (IPL) में खेलने के दौरान वैभव सूर्यावंशी से मिले थे और उनके साथ अच्छे संबंधों की वजह से उन्हें करीब से जानते हैं।

खबरों के मुताबिक श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलमबेज 9 जून को हुए पहले मैच से ही वैभव सूर्यावंशी को परेशान करने और उनका ध्यान भटकाने के लिए स्लेजिंग कर रहे थे। सोमवार को जब मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, तब भी हलमबेज लगातार सूर्यावंशी को स्लेज कर रहे थे। उन्होंने सूर्यावंशी से कथित तौर पर यहां तक कह दिया कि अपने घर जाओ, यह IPL नहीं है। सुपर ओवर खत्म होने के बाद हलमबेज आक्रामक होकर सूर्यावंशी और दूसरे भारतीय ओपनर सूर्यांश शेडगे की तरफ बढ़ने लगे, जिसके जवाब में सूर्यावंशी ने भी उन्हें धक्का दे दिया।

दरअसल मैदान पर विशेन और वैभव सूर्यवंशी के बीच जो कुछ भी हुआ, उससे श्रीलंका क्रिकेट टीम के अंदर भी नाराजगी का माहौल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच खत्म होने के बाद श्रीलंका ए के ड्रेसिंग रूम में इस पूरे घटनाक्रम पर लंबी चर्चा हुई। टीम के कुछ खिलाड़ियों का मानना था कि मैदान पर जो व्यवहार हुआ, वह खेल भावना के खिलाफ था और इसके लिए भारतीय टीम से आधिकारिक तौर पर माफी मांगी जानी चाहिए। श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच इस बात को लेकर अलग-अलग राय सामने आई, लेकिन कई सीनियर खिलाड़ियों ने साफ तौर पर माना कि स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि श्रीलंका क्रिकेट की ओर से भारतीय टीम या वैभव सूर्यवंशी से कोई औपचारिक माफी मांगी गई है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here