नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही थीं तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को डेब्यू का मौका दिया। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेइंग 11 में जगह बनाने वाले प्रिंस से सभी को बड़ी उम्मीदें थीं। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 402 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद गेंदबाजी में जब प्रिंस यादव अपने तीसरे ओवर में आए तो उन्होंने अपना पहला इंटरनेशनल विकेट हासिल कर लिया और खुशी से झूम उठे। हालांकि उनका यह जश्न ज्यादा देर तक नहीं टिक सका, क्योंकि तुरंत हूटर बजा और अंपायर ने गेंद को नो-बॉल करार दे दिया, जिससे उनकी पहली सफलता छिन गई।
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में प्रिंस यादव को अर्शदीप सिंह के साथ नई गेंद फेंकने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रिंस यादव ने अपने शुरुआती 2 ओवर्स में 18 रन दे दिए थे इसके बाद अपने तीसरे ओवर में जो पारी का छठा ओवर था उसकी पहली चार गेंदों पर प्रिंस यादव ने सिर्फ तीन रन दिए थे। इसके बाद रहमनुल्लाह गुरबाज ने पांचवीं गेंद पर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन मिड ऑन पर अर्शदीप सिंह ने उनका कैच पकड़ लिया। प्रिंस यादव इस विकेट को मिलने के बाद काफी खुश नजर आ रहे थे, जिसमें टीम इंडिया के बाकी सभी खिलाड़ी उनको पहला इंटरनेशनल विकेट मिलने पर बधाई दे रहे थे। इसी बीच स्टेडियम में नो-बॉल होने का हूटर बजने से उनकी ये खुशी पूरी तरह से गायब हो गई जिसमें रिप्ले देखे जाने पर गेंद प्रिंस यादव का गेंद फेंकते समय पैर क्रीज से थोड़ा बाहर नजर भी आया।
अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज, जिन्होंने धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली थी, लखनऊ वनडे में उस लय को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। गुरबाज को 32 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान जरूर मिला, लेकिन वह इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे। इसके बाद उन्होंने 33 गेंदों में 41 रन बनाए और पवेलियन लौट गए। गुरनूर बरार ने उन्हें केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराकर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया।


