अटलांटा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए का मुकाबला चेकिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है, जिसमें दोनों ही टीमें अपने पहले मैच की हार के बाद जीत की तलाश में मैदान पर उतरी हैं। साउथ अफ्रीका की टीम (बाफाना बाफाना) मैच से पहले पूरे जोश में नजर आई और खिलाड़ियों ने स्टेडियम पहुंचते ही गीतों के साथ माहौल को उत्साहित कर दिया। हालांकि पहले मैच में मेक्सिको के खिलाफ 2-0 की हार और दो खिलाड़ियों के रेड कार्ड ने टीम की स्थिति को कमजोर कर दिया है।
अब टीम के सामने वापसी की बड़ी चुनौती है। कोच ह्यूगो ब्रोस को भी टीम चयन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि थीम्बा ज़्वाने पर तीन मैचों का प्रतिबंध लगा है, जबकि याया सिथोल रेड कार्ड के कारण इस मैच में उपलब्ध नहीं हैं। इससे टीम का संतुलन प्रभावित हुआ है। दूसरी ओर, चेकिया की टीम भी अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया से हार चुकी है, ऐसे में यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। जो टीम यहां हारती है, उसके लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
साउथ अफ्रीका में टीम के प्रदर्शन को लेकर आलोचना भी तेज हो गई है। पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने रणनीति पर सवाल उठाए हैं, जबकि कप्तान रॉनेन विलियम्स ने कहा है कि इस तरह की आलोचना खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बढ़ाती है। इसके बावजूद वर्ल्ड कप में अफ्रीकी टीमों का प्रदर्शन अब तक रोमांचक रहा है। केप वर्डे ने स्पेन जैसी मजबूत टीम को ड्रॉ पर रोका, मिस्र ने बेल्जियम को चुनौती दी और डीआर कांगो ने पुर्तगाल को भी कड़ी टक्कर दी है।


