रियल मैड्रिड में शामिल हुए इब्राहिमा कोनाते, लिवरपूल छोड़ फ्री ट्रांसफर पर 2030 तक किया करार

0

मैड्रिड। स्पेनिश फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड ने फ्रांस के स्टार डिफेंडर इब्राहिमा कोनाते को फ्री ट्रांसफर पर अपने साथ जोड़ लिया है। लिवरपूल के साथ उनका अनुबंध समाप्त होने के बाद उन्होंने रियल मैड्रिड के साथ वर्ष 2030 तक का करार किया है।  27 वर्षीय कोनाते इस गर्मियों में रियल मैड्रिड के तीसरे बड़े खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले क्लब चेल्सी से लेफ्ट बैक मार्क कुकुरेला और मैनचेस्टर सिटी से मिडफील्डर बर्नार्डो सिल्वा को अपने साथ जोड़ चुका है। वहीं, इंटर मिलान के राइट बैक डेंज़ेल डम्फ्रीज़ के भी जल्द क्लब से जुड़ने की संभावना है।  लगातार दो सीजन तक कोई ट्रॉफी नहीं जीत पाने के बाद रियल मैड्रिड टीम में बड़े बदलाव कर रहा है। इसी क्रम में जोसे मोरिन्हो ने भी मुख्य कोच के रूप में क्लब में दूसरी बार वापसी की है।

रियल मैड्रिड पिछले वर्ष से ही कोनाते को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहा था। हालांकि अप्रैल में कोनाते ने संकेत दिए थे कि उनके लिवरपूल में बने रहने की संभावना है, लेकिन 2023 से चल रही अनुबंध वार्ता आखिरकार सफल नहीं हो सकी। इसके बाद लिवरपूल ने मई में पुष्टि कर दी थी कि अनुबंध समाप्त होने पर वह क्लब छोड़ देंगे।  कोनाते रियल मैड्रिड में अनुभवी डिफेंडर डेविड अलाबा की जगह लेंगे। उन्हें एंटोनियो रुडिगर, डीन हुइजसेन, राउल असेंसियो और एडर मिलिताओ के साथ शुरुआती एकादश में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करनी होगी।

फ्रांस के क्लब सोशो से अपने करियर की शुरुआत करने वाले कोनाते बाद में आरबी लाइपजिग पहुंचे और 2021 में लगभग 4 करोड़ पाउंड की ट्रांसफर फीस पर लिवरपूल से जुड़े। उन्होंने इंग्लिश क्लब के लिए 183 मैच खेले और एफए कप, दो काराबाओ कप तथा प्रीमियर लीग का खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई।  फिलहाल कोनाते फ्रांस की विश्व कप टीम का हिस्सा हैं। हालांकि सेनेगल के खिलाफ ग्रुप चरण के पहले मुकाबले में वह अंतिम एकादश में शामिल नहीं थे और पूरी मैच के दौरान बेंच पर बैठे रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here