नई दिल्ली : Indian Premier League 2027 को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं और फ्रेंचाइजियां अगले सीजन के लिए अपनी रणनीति बनाने में जुट गई हैं। इसी बीच Yuvraj Singh को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक युवराज आईपीएल 2027 में Delhi Capitals के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं।
यह दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है, क्योंकि युवराज का अनुभव और युवा खिलाड़ियों के साथ उनका जुड़ाव टीम को नई दिशा दे सकता है। खासकर बल्लेबाजी विभाग में उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।
युवराज के अलावा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान Sourav Ganguly की भी वापसी लगभग तय मानी जा रही है। गांगुली इससे पहले भी दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं और टीम के साथ उनका अनुभव काफी अहम रहा है। अगर दोनों दिग्गज साथ आते हैं, तो दिल्ली कैपिटल्स अगले सीजन में और मजबूत नजर आ सकती है।
युवराज सिंह को लेकर समाचार न्यूज एजेंसी पीटीआई पर सामने आई खबर के अनुसार युवराज सिंह आईपीएल के 20वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स टीम के बल्लेबाजी कोच पद को संभाल सकते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट और फ्रेंचाइजी लीग को अलविदा कहने के बाद से 44 साल के युवराज सिंह पिछले काफी समय से कई युवा खिलाड़ियों के लिए मेंटर की भूमिका को अदा कर रहे हैं जिसमें अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या का नाम प्रमुख तौर पर शामिल है जिन्होंने आईपीएल 2026 के सीजन में शानदार प्रदर्शन बल्ले से किया था। युवराज सिंह पहली बार आधिकारिक तौर पर आईपीएल में कोचिंग के सेटअप में कदम रखेंगे।
अब तक एकबार भी आईपीएल ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर सकी दिल्ली कैपिटल्स टीम ने 19वें सीजन की शुरुआत तो काफी शानदार तरीके से की थी लेकिन उसके बाद उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली। लीग स्टेज के मुकाबले खत्म होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स 14 मैचों में से सिर्फ 7 में ही जीत हासिल कर सकी और 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा जिसके चलते वह प्लेऑफ में भी अपनी जगह पक्की नहीं कर सके थे। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल के अलावा हेड कोच हेमंग बदानी को कई फैसलों के चलते आलोचना का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब अगले सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग सेटअप में बदलाव तय है जिसमें युवराज सिंह और सौरव गांगुली की एंट्री होगी। इसके अलावा स्क्वाड में भी कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।


