लंदन। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय दौरे के लंदन चरण की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए मंगलवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-3 से रोमांचक मुकाबले में हरा दिया। ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ भारत अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया। मैनप्रीत सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मुकाबले की शुरुआत में पाकिस्तान ने दबदबा बनाया और आठवें मिनट में अहमद नदीम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में भारत को लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर अली रजा ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के ड्रैग फ्लिक को शानदार तरीके से रोक दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। 22वें मिनट में दिलप्रीत सिंह के शॉट पर मिले रिबाउंड को अभिषेक ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके दो मिनट बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर पर नीलकांता शर्मा ने रिबाउंड पर शानदार गोल दागते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक यही स्कोर बना रहा।
तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अमित रोहिदास ने एक खतरनाक जवाबी हमले को विफल किया। 40वें मिनट में अभिषेक के शानदार पास पर सुखजीत सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। अंतिम क्वार्टर में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। 52वें मिनट में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह ने डमी रन बनाया और राजिंदर सिंह ने शानदार फिनिश करते हुए भारत को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।
हालांकि पाकिस्तान ने हार नहीं मानी। 53वें मिनट में कप्तान अबू महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अंतर 4-2 कर दिया। मैच खत्म होने से महज 14 सेकंड पहले मोइन शकील ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया, लेकिन भारतीय टीम ने अंतिम क्षणों में संयम बनाए रखते हुए जीत अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण की सकारात्मक शुरुआत की और पूरे मुकाबले में आक्रामकता तथा मजबूत रक्षात्मक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।


