NST NEWS, भोपाल। कैंपियन स्कूल, भोपाल के चार रोलर स्केटर्स का चयन 21वीं आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप-2026 के लिए मध्यप्रदेश टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उत्तराखंड के देहरादून पहुंच चुके हैं, जहां वे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 25 से 30 जून 2026 तक देहरादून स्थित हिमाद्री आइस स्केटिंग रिंक में 21वीं आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। कैंपियन स्कूल की सेकेंडरी कक्षाओं के चार छात्र-छात्राओं ऋषिका शिंदे, संभव मिश्रा, प्रथमेश विश्वकर्मा और शॉन शेल्विन खलखो का चयन मध्यप्रदेश टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न आयु श्रेणियों और स्पर्धाओं में विद्यालय एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं और आइस स्केटिंग की विशेष तैयारियों में जुटे हुए हैं।
चारों खिलाड़ी कैंपियन स्कूल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं कोच संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके निर्देशन में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और प्रदर्शन में निरंतर सुधार किया है। विद्यालय के प्राचार्य फादर अमृतलाल टोप्पो, एस.जे., उप-प्राचार्य फादर फैबियानुस खलखो, एस.जे. तथा शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रमुख जोंसी कोशी ने कोच संजय मिश्रा सहित सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


