नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी चोट के कारण दोनों सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान लगी थी। स्कैन रिपोर्ट में उनके बाएं क्वाड्रिसेप्स में सूजन और मांसपेशियों में नुकसान की पुष्टि हुई है। बीसीसीआई ने उन्हें आगे के इलाज और निगरानी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) भेजा है। मेडिकल टीम के मुताबिक उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब चार सप्ताह का समय लग सकता है।
रेड्डी के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने मुंबई के युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को भारतीय T20I टीम में शामिल किया है। यह शेडगे के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बड़ी कॉल-अप है। उन्होंने हाल ही में भारत ए के लिए श्रीलंका दौरे पर त्रिकोणीय सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने पांच पारियों में 127 रन बनाए और 23 ओवर गेंदबाजी भी की थी। टीम मैनेजमेंट के लिए यह बदलाव अहम माना जा रहा है क्योंकि हार्दिक पंड्या पहले से ही क्वाड्रिसेप्स चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में टीम के पास सीमित तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर विकल्प बचे हैं।
रेड्डी ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में दो मैच खेले थे। धर्मशाला में उन्होंने 31 रन देकर दो विकेट लिए थे, जबकि चेन्नई में खेले गए अंतिम मुकाबले में वह विकेट नहीं ले सके थे। भारत को अब आयरलैंड में 26 और 28 जून को दो T20I मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच T20I और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।


