धोनी के नाम पर उमड़ी भीड़, झारखंड टी20 फाइनल के दौरान डेढ़ घंटे तक टला बड़ा हादसा

0

NST NEWS, रांची। झारखंड टी20 लीग के पहले फाइनल के दौरान रांची के जेएससीए स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी के आने की अफवाह के चलते भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्टेडियम के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और समय रहते प्रशासन तथा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

38 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम मैच शुरू होने से पहले ही पूरी तरह भर चुका था, जबकि बाहर भी लगभग इतनी ही संख्या में लोग प्रवेश का इंतजार कर रहे थे। कई प्रवेश द्वारों पर भारी दबाव बन गया। कुछ लोग दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश करने लगे, जबकि साउथ गेट पर धक्का-मुक्की में कई महिलाएं गिरकर घायल हो गईं। इस दौरान करीब 10 लोगों को मामूली चोटें आईं।

दरअसल, मैच से पहले सोशल मीडिया पर तेजी से यह अफवाह फैल गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी फाइनल मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचेंगे। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं थी। दूसरी ओर, मैच से पहले हुई बारिश के कारण बड़ी संख्या में लोग रास्ते में रुक गए थे। बारिश थमते ही हजारों दर्शक एक साथ स्टेडियम पहुंच गए, जिससे हालात अचानक बिगड़ गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए JSCA ने अतिरिक्त गेट खोले, लेकिन सीमित सुरक्षाकर्मियों के कारण भीड़ को व्यवस्थित करना चुनौतीपूर्ण हो गया। इसी दौरान मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हो गया, जिससे सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक यह सूचना नहीं पहुंच सकी कि स्टेडियम पूरी तरह भर चुका है।

हालात गंभीर होते देख JSCA सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने स्टेडियम के लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से घर लौटने की अपील की। अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और अन्य पदाधिकारियों ने भी पुलिस के साथ मिलकर भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। रांची पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद रात करीब आठ बजे हालात सामान्य हो सके।

घटना के बाद JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि फाइनल के लिए सामान्य दिनों से दोगुनी व्यवस्था की गई थी, लेकिन 30 से 45 मिनट के भीतर अचानक उमड़ी भीड़ ने सभी को चौंका दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों का तुरंत खंडन करने के लिए अलग टीम बनाई जाएगी और दर्शकों की एंट्री के लिए पंजीकरण या टिकट प्रणाली लागू करने पर भी विचार किया जाएगा। JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि अगले संस्करण में भीड़ प्रबंधन के लिए और बेहतर इंतजाम किए जाएंगे, ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here