गॉल। श्रीलंका-ए के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट में भारत-ए ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 452 रन बनाकर घोषित कर दी। शुक्रवार को मुकाबले के दूसरे दिन कप्तान ध्रुव जुरेल और साई सुदर्शन के शानदार शतकों की बदौलत भारत-ए ने विशाल स्कोर खड़ा किया। टी ब्रेक के बाद श्रीलंका-ए ने अपनी पहली पारी की शुरुआत की। दूसरे दिन कप्तान ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए 215 गेंदों में नाबाद 141 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इससे पहले पहले दिन साई सुदर्शन ने 175 गेंदों में 132 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 19 चौके लगाए। भारत-ए को साई सुदर्शन और आयुष पांडे ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 138 गेंदों में 78 रन जोड़े। इसके बाद सुदर्शन ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। गायकवाड़ 22 रन बनाकर आउट हुए।
सुदर्शन के आउट होने के बाद शेख रशीद ने 113 गेंदों में 63 रन की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने कप्तान जुरेल के साथ अहम साझेदारी कर भारत-ए का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया। निचले क्रम में हर्ष दुबे ने 51 गेंदों पर 30 रन बनाए, जबकि सारांश जैन तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। श्रीलंका-ए की ओर से चमिका गुणशेखरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 18.4 ओवर में 84 रन देकर तीन विकेट झटके। दिलुम सुदीरा ने 37 ओवर में 143 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि रविंदु फर्नांडो को एक सफलता मिली। भारत-ए अब अपनी मजबूत पहली पारी के दम पर मैच में बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा, जबकि श्रीलंका-ए पर बड़े स्कोर का दबाव रहेगा।


