NST NEWS, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के होनहार खिलाड़ी समरदीप सिंह ने 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष शॉट पुट स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 24 से 28 जून तक आयोजित प्रतियोगिता के चौथे दिन समरदीप ने 20.40 मीटर का प्रभावशाली थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियाई खेल 2026 के लिए निर्धारित क्वालीफिकेशन मानक भी पूरा कर लिया।
समरदीप सिंह की इस उपलब्धि से मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने देश के शीर्ष एथलीटों के बीच अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन करते हुए न केवल रजत पदक जीता, बल्कि आगामी एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी सुनिश्चित किया। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
समरदीप के प्रदर्शन को मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी की बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का भी प्रमाण माना जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जिससे मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने समरदीप सिंह को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।


