ऑस्ट्रेलिया से हारकर भारत टी-20 महिला विश्व कप से बाहर, हरमनप्रीत की फिफ्टी गई बेकार

0

लंदन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम का टी-20 विश्व कप 2026 में सफर समाप्त हो गया। लॉर्ड्स में खेले गए ग्रुप चरण के निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस हार के साथ भारत ग्रुप-ए में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम चार में जगह बनाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 170 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (34) और स्मृति मंधाना (38) ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 27 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 56 रन की विस्फोटक पारी खेली। जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 34 रन का योगदान दिया। हरमनप्रीत ने अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रेणुका सिंह, एन श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने शुरुआती तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 68 रन पर तीन विकेट कर दिया। इसके बाद एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने चौथे विकेट के लिए 100 रन की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया।

पेरी ने 38 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि गार्डनर 29 गेंदों में 53 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में चार विकेट खोकर 172 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए यह मुकाबला करो या मरो का था। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली थी। भारत को अंतिम चार में पहुंचने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here