मेसी ने रचा विश्व कप इतिहास, अर्जेंटीना ने जॉर्डन को हराया; रोनाल्डो का पुर्तगाल ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में

0

डलास। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने फीफा विश्व कप 2026 में नया इतिहास रच दिया। मेसी लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। उन्होंने जॉर्डन के खिलाफ ग्रुप-जे के मुकाबले में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरकर 80वें मिनट में शानदार फ्री-किक गोल किया। उनकी मदद से अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान के साथ नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। मेसी को इस मुकाबले में शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिली। ऐसा 20 साल बाद हुआ, जब वह विश्व कप में अर्जेंटीना की प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। इससे पहले 2006 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जर्मनी के खिलाफ ऐसा हुआ था।

अर्जेंटीना के लिए जियोवानी लो सेल्सो ने 19वें मिनट और लाउतारो मार्टिनेज ने 31वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल किया। जॉर्डन की ओर से मौसा अलतमारी ने एकमात्र गोल दागा। मेसी का यह करियर का 72वां और विश्व कप में दूसरा फ्री-किक गोल रहा। इस विश्व कप में वह छह गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। उधर, मियामी में खेले गए ग्रुप-के मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ने कोलंबिया के साथ गोलरहित ड्रॉ खेला। दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी। पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने छह शानदार बचाव कर टीम को हार से बचाया और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। कोलंबिया ग्रुप में शीर्ष पर रहा, जबकि पुर्तगाल दूसरे स्थान से नॉकआउट में पहुंचा।

एक अन्य मुकाबले में कांगो डीआर ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई। योआने विसा ने दो गोल किए। वहीं ग्रुप-एल में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। कप्तान हैरी केन ने विश्व कप में इंग्लैंड के लिए अपना 11वां गोल कर नया रिकॉर्ड बनाया। क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से हराया, लेकिन बेहतर प्रदर्शन के आधार पर घाना भी तीसरे स्थान से नॉकआउट में पहुंच गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here