इंगलवुड (कैलिफोर्निया)। सह-मेजबान कनाडा ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया। कप्तान स्टीफन यूस्टाकियो ने इंजरी टाइम (90+2 मिनट) में शानदार वॉली गोल दागकर कनाडा को पहली बार विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में जीत दिलाई और टीम को पहली बार अंतिम-16 (राउंड ऑफ 16) में पहुंचाया। सोफी स्टेडियम में खेला गया मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में एलेस्टेयर जॉनस्टन के लंबे पास को दक्षिण अफ्रीका की रक्षा पंक्ति ने पूरी तरह क्लियर नहीं कर पाई। गेंद यूस्टाकियो के पास पहुंची, जिन्होंने पहले उसे सीने से नियंत्रित किया और फिर पेनाल्टी बॉक्स के बाहर से दमदार वॉली लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के निचले कोने में पहुंचा दिया।
गोल के बाद कनाडा ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए बढ़त कायम रखी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की। अब कनाडा का सामना क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए नीदरलैंड्स या मोरक्को से होगा। मैच के बाद कनाडा के मुख्य कोच जेसी मार्श ने खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “आप सभी कनाडा के हीरो हैं। आने वाली पीढ़ियां आपको याद रखेंगी। आपने इस देश में फुटबॉल का भविष्य और उज्ज्वल बना दिया है।” कप्तान यूस्टाकियो ने भी जीत के बाद कहा, “हमने कभी विश्वास नहीं खोया। मुझे लगता है कि यह गोल हमारी मेहनत का इनाम था।”
दक्षिण अफ्रीका के गोलकीपर रॉनवेन विलियम्स ने पूरे मुकाबले में पांच शानदार बचाव किए और अपनी टीम को लंबे समय तक मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि अंतिम क्षणों में यूस्टाकियो के शानदार शॉट का उनके पास कोई जवाब नहीं था। दक्षिण अफ्रीका के कोच ह्यूगो ब्रूस ने हार के बावजूद अपनी टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे जज्बे के साथ मुकाबला खेला और इस प्रदर्शन पर उन्हें गर्व है। कनाडा को मैच के 75वें मिनट में उस समय बड़ी मजबूती मिली जब स्टार डिफेंडर अल्फोंसो डेविस चोट से उबरकर मैदान पर लौटे। उन्होंने वापसी के तुरंत बाद एक शानदार पास देकर गोल का मौका बनाया, हालांकि फॉरवर्ड प्रॉमिस डेविड उस अवसर को गोल में नहीं बदल सके।


