लंदन। महिला टी-20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा और टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। हालांकि इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने कई बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड अपने नाम किए। स्पिनर दीप्ति शर्मा महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला टी-20 विश्व कप में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। मुकाबला देखने के लिए विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी लॉर्ड्स स्टेडियम पहुंचे।
दीप्ति शर्मा ने इस मैच में अपना 356वां अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल कर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी (355 विकेट) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दीप्ति के नाम अब टेस्ट में 22, वनडे में 166 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 168 विकेट दर्ज हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो महिला टी-20 विश्व कप में किसी भारतीय बल्लेबाज की सबसे तेज फिफ्टी है। उन्होंने 27 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली और अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर भारत का स्कोर 170 रन तक पहुंचाया। वह विश्व कप इतिहास में एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाने वाली चौथी महिला बल्लेबाज भी बन गईं।
भारतीय स्पिनर एन. श्री चरणी ने टूर्नामेंट में अपना 14वां विकेट हासिल किया और एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली दूसरी गेंदबाज बन गईं। उनसे आगे केवल न्यूजीलैंड की अमेलिया केर हैं, जिन्होंने 2024 में 15 विकेट लिए थे। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 विश्व कप इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 170/4 बनाया। वहीं शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साझेदारी में 772 रन पूरे कर किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा साझेदारी रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया ने 171 रन का लक्ष्य 19 ओवर में हासिल कर महिला टी-20 विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। एलिस पेरी (56) और एश्ले गार्डनर (53*) ने चौथे विकेट के लिए 100 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। इस मुकाबले को देखने के लिए लॉर्ड्स स्टेडियम में 27,163 दर्शक पहुंचे, जो महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में किसी ग्रुप चरण के मैच की सबसे अधिक दर्शक संख्या का नया रिकॉर्ड है। स्टैंड्स में विराट कोहली, अनुष्का शर्मा, पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री और पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी मौजूद रहे।


