एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई 22 खिलाड़ियों से मिले मंत्री विश्वास सारंग, बोले- मध्यप्रदेश के खिलाड़ी रचेंगे नया इतिहास

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में आगामी एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई करने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों, प्रशिक्षण, फिटनेस और आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर चर्चा की तथा पूरी निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया।

मंत्री सारंग ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए प्रदेश के 22 खिलाड़ियों का चयन पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और प्रदेश सरकार की खेल विकास नीतियों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अधोसंरचना, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, पोषण, आवास और अन्य विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर स्तर पर आवश्यक सहयोग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने प्रशिक्षकों और खेल विभाग के अधिकारियों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन के कारण मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि आगामी एशियन गेम्स के लिए मध्यप्रदेश के 22 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में क्वालीफाई किया है। इनमें एथलेटिक्स, शूटिंग, रायफल, शॉटगन, कैनो स्लालम, कैनोइंग, कायाकिंग, क्लाउड जूडो और घुड़सवारी जैसी खेल विधाओं के खिलाड़ी शामिल हैं। इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव संजीव सिंह, संचालक अंशुमन यादव, उपसचिव अजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल अकादमियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here