विश्व कप से बाहर होने के बावजूद कार्लो एंसेलोटी पर बरकरार रहेगा ब्राजील फुटबॉल महासंघ का भरोसा

0

रियो डी जेनेरियो. फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे से 2-1 की हार के बाद ब्राजील के बाहर होने के बावजूद ब्राजील फुटबॉल महासंघ (सीबीएफ) ने मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी पर भरोसा कायम रखने का फैसला किया है। राष्ट्रीय टीम के समन्वयक रोड्रिगो कैटानो ने कहा कि विश्व कप से जल्दी बाहर होने के बावजूद टीम 2030 विश्व कप तक एंसेलोटी के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी और आवश्यक सुधार किए जाएंगे। कैटानो ने कहा कि टीम निराश जरूर है, लेकिन पिछले 38 दिनों में खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और पेशेवर रवैया सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा कि अब शांत रहकर अगले विश्व कप की तैयारी शुरू करने की जरूरत है।

67 वर्षीय एंसेलोटी ने मई 2025 में रियल मैड्रिड छोड़ने के बाद ब्राजील टीम की कमान संभाली थी। हाल ही में उनका अनुबंध 2030 विश्व कप तक बढ़ाया गया था। हालांकि उनका लक्ष्य ब्राजील को रिकॉर्ड छठा विश्व कप दिलाना था, लेकिन टीम 1966 के बाद पहली बार इतनी जल्दी टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

हार के बाद एंसेलोटी ने कहा कि यह निराशा अगले चार वर्षों के लिए टीम की नई ऊर्जा बनेगी। वहीं कप्तान मार्किन्होस ने प्रशंसकों से माफी मांगते हुए उनसे टीम का समर्थन जारी रखने की अपील की और कहा कि अगला विश्व कप जीतने के लिए अभी से तैयारी शुरू होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here