नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (बीबीएल) 2026-27 सत्र का आगाज ऐतिहासिक अंदाज में भारत की धरती पर होगा। मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के प्रतिष्ठित चेपक स्टेडियम में खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की आधिकारिक घोषणा शुक्रवार (10 जुलाई) को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज की मौजूदगी में की गई। भारत और ऑस्ट्रेलिया की सरकारें लंबे समय से इस मैच को चेन्नई में आयोजित कराने की योजना पर काम कर रही थीं और अब पहली बार बीबीएल का मुकाबला भारतीय दर्शकों के बीच खेला जाएगा।
सेंटर ऑफ ऑस्ट्रेलिया-इंडिया रिलेशंस ने इस मैच की आंशिक फंडिंग की है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी फंडिंग देगा। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2.40 बजे शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया में रात 8.10pm बजे से यह मैच होगा। यह मैच पर्थ में ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट के चौथे दिन के खेल के ठीक बाद शुरू होगा। यह रेनेगेड्स का घरेलू मैच होगा।
मेजबान देश से बाहर पहली बार खेले जाएंगे बीबीएल के मुकाबले
फ्लोरिडा में कैरिबियन प्रीमियर लीग (CPL) के अलावा किसी भी टी20 लीग के मैच मेजबान देश से बाहर चुनाव या किसी कारण से ही हुए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) चुनाव कोरोना महामारी के कारण साउथ अफ्रीका और यूएई में आयोजित हुआ है। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के मैच यूएई में तबतक हुए जबतक पाकिस्तान में मैच नहीं होने लगे।
बीबीएल टीमों का चेन्नई आगमन कब होगा?
रेनेगेड्स और स्कॉर्चर्स की टीमें 6 दिसंबर को शेफील्ड शील्ड के छठे राउंड के मैच खत्म होने के तुरंत बाद भारत के लिए उड़ान भरेंगी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के पास चेन्नई में मैच से पहले तैयारी के लिए लगभग चार दिन होंगे। इसके बाद दोनों टीमों को ऑस्ट्रेलिया लौटने पर अपने दूसरे मैच से पहले लंबा आराम मिलेगा। अगले हफ्ते पूरे बीबीएल का शेड्यूल घोषित किया जाएगा।
चेपक को कैसे मिली ऐतिहासिक मेजबानी?
चेन्नई के ऐतिहासिक चेपक स्टेडियम को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की सहमति के बाद बीबीएल के पहले विदेशी मुकाबले की मेजबानी सौंपी गई। इस आयोजन की तैयारियों के तहत क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बिग बैश लीग का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मई में चेन्नई पहुंचा था, जहां उसने स्टेडियम की सुविधाओं और आयोजन व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले के समय बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास और कार्यकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमांग अमीन से भी मुलाकात कर आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।


