नई दिल्ली : भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की। बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट मैदान पर मिली इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। खास बात यह रही कि भारतीय टीम ने बर्मिंघम में 12 वर्षों बाद वनडे मुकाबले में जीत हासिल की। इस यादगार जीत के नायक अक्षर पटेल रहे, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में महत्वपूर्ण योगदान दिया और फिर बल्ले से शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। उनकी हरफनमौला पारी ने भारत की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में 9.5 ओवर में 4 विकेट लेकर 62 रन दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी में उन्होंने टीम को तब संभाला जब उनकी बल्लेबाजी की खास जरूरत थी। अक्षर ने 52 गेंद पर नाबाद 57 रन की पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल के रिटायर्ड हर्ट होने और श्रेयस अय्यर व केएल राहुल के आउट होने के बाद अक्षर ने भारतीय पारी को संभाला। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर के साथ नाबाद 102 रन की साझेदारी की और भारत को जीत तक पहुंचाया।
बर्मिंघम बना भारत की ऐतिहासिक जीत का गवाह
इंग्लैंड की धरती पर भारत ने अब तक मेजबान टीम के खिलाफ 46 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें यह उसकी 19वीं जीत रही। वहीं इंग्लैंड ने अपने घरेलू मैदानों पर भारत के खिलाफ 23 मैच जीते हैं। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारत की पिछली वनडे जीत वर्ष 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ ही आई थी। संयोग से यह इस मैदान पर इंग्लैंड की आखिरी हार भी थी। इसके बाद इंग्लैंड ने एजबेस्टन में लगातार सात वनडे मुकाबले अपने नाम किए, लेकिन भारतीय टीम ने इस जीत के साथ मेजबान टीम के विजयी अभियान पर विराम लगाते हुए 12 साल बाद फिर से बर्मिंघम में जीत का परचम लहरा दिया।
भारत ने 2014 से 2026 के बीच यहां एक भी मैच नहीं जीता था। अब 12 साल बाद इस मैदान पर टीम इंडिया को वनडे जीत मिली है। भारत ने बर्मिंघम में अब तक 13 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उसने 9 में जीत हासिल की है, जबकि चार में हार झेली है। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में भारत का यह छठा वनडे मैच था और भारतीय टीम को चौथी जीत मिली है। आखिरी बार यहां 30 जून 2019 को भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी और 31 रन से मैच हारी थी।
मैच में क्या-क्या हुआ?
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 47.5 ओवर में 258 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मेजबान टीम की ओर से जो रूट ने 76 और लियाम डॉसन ने 68 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने 75 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी खेली, हालांकि वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद अक्षर पटेल ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जमाया, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया और विजयी छक्का लगाकर भारत को 6 विकेट से शानदार जीत दिलाई।
भारतीय पारी में उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 रन बनाए और रनआउट होने से पहले कप्तान शुभमन गिल के साथ 101 रन की अहम साझेदारी निभाई। गिल के रिटायर्ड हर्ट होने के बाद केएल राहुल केवल एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं रोहित शर्मा 21 गेंदों में 11 और विराट कोहली 6 गेंदों में 5 रन ही बना सके, जिससे इस दौरे की उनकी शुरुआत निराशाजनक रही। गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को भी एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा।


