भोपाल: मध्य प्रदेश राज्य हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में मध्य प्रदेश के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। पुरुष वर्ग में आयुष रजक (गोलकीपर) और करण गौतम, जबकि महिला वर्ग में महक परिहार (गोलकीपर) एवं नौशीन नाज़ (फॉरवर्ड) भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 25 जुलाई 2026 तक ओमान की राजधानी मस्कट में आयोजित की जाएगी, जहां मध्य प्रदेश के ये खिलाड़ी देश के लिए पदक जीतने की चुनौती पेश करेंगे।
पुरुष-महिला दोनों टीमों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का जलवा
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि “पुरुष वर्ग की भारतीय टीम में आयुष रजक और करण गौतम का चयन प्रदेश की मजबूत हॉकी संरचना एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है. वहीं महिला वर्ग में महक परिहार और नौशीन नाज़ की जगह भारतीय टीम में बनाना यह दर्शाता है कि मध्य प्रदेश की बेटियां भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.”
मध्य प्रदेश के सितारों पर देश की नजर
चारों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की खेल प्रतिभाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है. खेल मंत्री सारंग ने भारतीय टीम में चयनित प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि “मध्य प्रदेश की खेल अकादमियां लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही हैं. आयुष रजक, करण गौतम, महक परिहार एवं नौशीन नाज़ का भारतीय टीम में चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी मस्कट, ओमान में आयोजित यूथ हॉकी एशियन चौंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे.”
- मध्य प्रदेश में खिलाड़ियों की नौकरी पक्की, मेडल जीतते ही बनेंगे SI, मोहन सरकार की सौगात
- छतरपुर की बेटी ने लंदन में रचा इतिहास, लॉर्ड्स के ऑनर बोर्ड पर क्रांति गौड़
अंडर-18 में दिखा चुके हैं दम
भारतीय टीम में चयनित इन खिलाड़ियों ने हाल ही में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया था। पुरुष वर्ग में आयुष रजक और करण गौतम उस भारतीय टीम का हिस्सा थे, जिसने फाइनल में शानदार जीत दर्ज कर एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, महिला वर्ग में महक परिहार और नौशीन नाज़ ने भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम योगदान दिया। खास बात यह रही कि नौशीन नाज़ ने पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल दागकर सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी (टॉप स्कोरर) बनने का शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया।


