एडिनबर्ग/नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की एडिनबर्ग में आयोजित वार्षिक आम बैठक (AGM) में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया को ICC की गवर्नेंस रिव्यू कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह समिति ICC की प्रशासनिक व्यवस्था और गवर्नेंस ढांचे की समीक्षा का कार्य करेगी। कमेटी में क्रिकेट साउथ अफ्रीका के डॉ. मोहम्मद मूसाजी और ICC की स्वतंत्र निदेशक डॉ. रोस रिवाज भी सदस्य के रूप में शामिल हैं।
बैठक में ICC ने दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही टी20 फ्रेंचाइजी लीगों की निगरानी और समन्वय के लिए फ्रेंचाइजी लीग कमेटी का भी गठन किया। इसकी अध्यक्षता बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल करेंगे। समिति में देवजीत सैकिया, क्रिकेट नामीबिया के डॉ. रूडी वान वुरेन, इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड गोल्ड तथा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के टॉड ग्रीनबर्ग को भी शामिल किया गया है। आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) को राहत देते हुए ICC ने 1.28 करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब 12.82 मिलियन डॉलर) का ऋण मंजूर किया है। यह राशि वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने में मदद करेगी।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत मॉरीशस को ICC का 111वां सदस्य बनाया गया। वहीं, क्रिकेट कनाडा का निलंबन फिलहाल जारी रखने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सदस्यता नियमों के उल्लंघन के मामले में फ्रांस क्रिकेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ICC की इस बैठक में लिए गए फैसलों को वैश्विक क्रिकेट के प्रशासन, वित्तीय स्थिरता और फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बेहतर नियमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


