मेसी की हैट्रिक से स्पेन की ऐतिहासिक जीत तक; फीफा विश्व कप 2026 में बने नए कीर्तिमान

0

नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 का ऐतिहासिक संस्करण 39 दिनों तक चले रोमांच, रोमांचक मुकाबलों और नए कीर्तिमानों के साथ संपन्न हो गया। फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस विश्व कप में कई ऐसे रिकॉर्ड बने, जिन्होंने फुटबॉल इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी। अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी ने टूर्नामेंट में हैट्रिक लगाकर नया इतिहास रचा, जबकि फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे लगातार दूसरी बार सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने और गोल्डन बूट अपने नाम किया। वहीं, स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल ही खाकर विश्व कप इतिहास की सबसे शानदार रक्षात्मक टीमों में शामिल हो गई। कुल मिलाकर, फीफा विश्व कप 2026 रिकॉर्ड, रोमांच और ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।

स्पेन ने फीफा विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी सातों मुकाबलों में जीत दर्ज की और पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए विश्व विजेता बना। इतना ही नहीं, स्पेन ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लगातार 38वीं जीत हासिल कर अपने विजयी अभियान को भी नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। दूसरी ओर, पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी इस विश्व कप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई। वहीं, इस संस्करण ने कई नए विश्व रिकॉर्ड भी बनाए। पहली बार फीफा विश्व कप में 48 टीमों ने हिस्सा लिया, जो टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ा विस्तार है। इसी के साथ पहली बार कुल 104 मुकाबले खेले गए, जिससे यह अब तक का सबसे लंबा और सबसे बड़े पैमाने पर आयोजित फीफा विश्व कप बन गया।

अब जानते हैं कौन-कौन से बेहतरीन रिकॉर्ड फीफा वर्ल्ड कप के इस संस्करण में बने:-

1- लियोनेल मेसी फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक मारने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
लियोनेल मेसी 38 साल की उम्र में फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक मारने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उन्होंने 16 जून को अल्जेरिया के खिलाफ 3 गोल दागे थे। वर्ल्ड कप में यह उनकी पहली हैट्रिक थी।

2- नॉकआउट स्टेज में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत गोल करने वाले खिलाड़ी बने एम्बाप्पे
किलियन एमबापे ने फीफा वर्ल्ड कप नॉकआउट स्टेज में 11 गोल करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। यह उपलब्धि उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मैच में पराग्वे के खिलाफ हासिल की थी। उन्होंने रोनाल्डे नजारियो के (8) गोल का रिकॉर्ड तोड़ा था।

3- एक फीफा वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बनी स्पेन
स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में लगातार 7 मुकाबले जीते। टीम ने इस संस्करण में एक भी मैच नहीं गंवाया और अजेय रहते हुए चैंपियन बनी। फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराते हुए स्पेन ने 2010 के बाद फीफा विश्व कप का खिताब जीता।

4- एक फीफा वर्ल्ड कप में सबसे कम गोल खाने वाली टीम
स्पेन ने जहां फीफा विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं उसने इस संस्करण में सिर्फ एक गोल खाते हुए भी इतिहास रचा। स्पेन की टीम पहली ऐसी टीम बनी जिसने पूरे वर्ल्ड कप में सिर्फ एक गोल ही खाया।

5- फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत गोल
लियोनेल मेसी ने मिरोस्लाव क्लोज के 16 गोल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड इस सीजन के बीच ही अपने नाम कर लिया था। मगर टूर्नामेंट के अंत तक किलियन एम्बाप्पे ने उनका यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब एम्बाप्पे के नाम कुल 22 गोल हैं और मेसी के नाम 21 गोल फीफा वर्ल्ड कप में दर्ज हैं।

6- क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम भी बेहतरीन रिकॉर्ड
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम फीफा वर्ल्ड कप (2026) में एक खास रिकॉर्ड दर्ज हुआ। वह सभी 6 फीफा विश्व कप के हर एक अलग-अलग संस्करण में गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी बने। इससे पहले दुनिया का कोई खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाया जिसने अलग-अलग 6 संस्करण में गोल किए।

7- फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा गोल
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा गोल का विश्व रिकॉर्ड बन गया। इस संस्करण में कुल 215 गोल ग्रुप स्टेज में हुए। यह एक फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा गोल का विश्व कीर्तिमान है।

8- फीफा विश्व कप में विजेता बनने वाले सबसे उम्रदराज मैनेजर
स्पेन की टीम के मैनेजर लुइस डे ला फुएंते के नाम भी एक बेहतरीन रिकॉर्ड दर्ज हुआ। उन्होंने 65 साल की उम्र में भी स्पेनिश फुटबॉल की तस्वीर बदल दी। बतौर मैनेजर वह विश्व कप जीतने वाले सबसे उम्रदराज मैनेजर बने।

9- फीफा विश्व कप के एक संस्करण में हुए सबसे ज्यादा गोल
फीफा वर्ल्ड कप 2026 मे कुल 104 मैच हुए और 308 गोल हुए। यह एक संस्करण में सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड है। इस टूर्नामेंट में 2.96 गोल प्रति मैच के रेट से गोल हुए।

10- किलियन एम्बाप्पे बने इकलौते लगातार दो गोल्डन बूट जीतने वाले खिलाड़ी
किलियन एम्बाप्पे ने 2022 में कतर में 8 गोल के साथ गोल्डन बूट अपने नाम किया था। अब 2026 फीफा विश्व कप में 10 गोल के साथ उन्होंने लगातार दूसरी बार गोल्डन बूट जीता। वह फीफा विश्व कप के इतिहास में लगातार दो गोल्डन बूट जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने।

11- फीफा वर्ल्ड कप में सबसे उम्रदराज कोच
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कई छोटे देशों ने हिस्सा लिया। उसमें से एक आइलैंड देश कुराकाओ भी था। इस टीम ने 78 वर्षीय कोच डिक ऐडवोकाट के परीक्षण में इस टूर्नामेंट में पहली बार शिरकत की। डिक फीफा वर्ल्ड कप में उतरने वाले सबसे उम्रदराज कोच भी बने।

12- मेसी और रोनाल्डो ने रचा इतिहास
लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह छठा फीफा विश्व कप था। दोनों गुइलेर्मो ओचोआ के बाद सबसे ज्यादा फीफा विश्व कप खेलने वाले खिलाड़ी बने।

13- केप वर्डे बना फीफा विश्व कप खेलने वाला सबसे छोटा देश
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में केप वर्डे की टीम ने सभी को चौंकाया। यह देश सिर्फ 5 लाख की आबादी वाला है। फीफा जैसे वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाला यह सबसे छोटा देश बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here