एथलेटिक्स में दिखेगा मध्यप्रदेश का जलवा, राज्य खेल अकादमियों के 3 खिलाड़ी भारतीय दल में शामिल
23 जुलाई को स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा उद्घाटन समारोह, 2 अगस्त तक चलेंगे कॉमनवेल्थ गेम्स
NST NEWS, भोपाल. स्कॉटलैंड के ग्लासगो में गुरुवार (23 जुलाई) से कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 का आगाज होने जा रहा है। उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होने वाले इन खेलों में मध्यप्रदेश के पांच खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा बनकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के देव मीणा, कुलदीप कुमार और समरदीप सिंह के अलावा जूडो की यामिनी मौर्य तथा वेटलिफ्टिंग के वल्लुरी अजय बाबू शामिल हैं। 23 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाले इन खेलों में भारत 124 सदस्यीय दल के साथ 10 खेलों तथा पैरा स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेगा।
एथलेटिक्स में मध्यप्रदेश की सबसे मजबूत मौजूदगी
भारतीय एथलेटिक्स टीम में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। समरदीप सिंह शॉटपुट, देव मीणा पोल वॉल्ट तथा कुलदीप कुमार पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों से कॉमनवेल्थ गेम्स में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पोल वॉल्ट जोड़ी पर रहेंगी निगाहें
कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसके रिकॉर्डधारी पोल वॉल्ट खिलाड़ी होंगे। देव मीणा ने वर्ष 2026 में पहले 5.42 मीटर, फिर 5.45 मीटर और उसके बाद 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप, भुवनेश्वर में 5.46 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। वहीं कुलदीप कुमार ने मई 2026 में आयोजित इंडियन इंडोर ओपन प्रतियोगिता में 5.41 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद नेशनल फेडरेशन कप में उन्होंने देव मीणा के साथ 5.45 मीटर की छलांग लगाकर भारतीय पोल वॉल्ट को नई ऊंचाई तक पहुंचाया। अब दोनों खिलाड़ियों से ग्लासगो में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
समरदीप सिंह: शॉटपुट में भारत की मजबूत उम्मीद
समरदीप सिंह भारतीय शॉटपुट के उभरते हुए सितारे हैं। मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के इस खिलाड़ी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। हाल ही में उन्होंने 20.03 मीटर का थ्रो कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाया।
जूडो और वेटलिफ्टिंग में भी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व
एथलेटिक्स के अलावा जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य और वेटलिफ्टर वल्लुरी अजय बाबू भी कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ियों के चयन से यह स्पष्ट होता है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
राज्य खेल अकादमियों की सफलता का एक और प्रमाण
कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मध्यप्रदेश की राज्य खेल अकादमियां देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देने में अग्रणी बन चुकी हैं। आधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक कोचिंग और बेहतर खेल सुविधाओं का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार भारतीय टीम में अपनी जगह बना रहे हैं।
ग्लासगो में पदक जीतने पर रहेंगी नजरें
गुरुवार से शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश के इन पांच खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। प्रदेशवासियों की निगाहें खासकर एथलेटिक्स, जूडो और वेटलिफ्टिंग स्पर्धाओं पर रहेंगी, जहां ये खिलाड़ी भारत के लिए पदक जीतकर तिरंगा बुलंद करने और मध्यप्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करने का प्रयास करेंगे।


