नई दिल्ली : भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार, 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज का विजयी आगाज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। श्रेयस के नेतृत्व में भारत को इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत नहीं मिली थी, ऐसे में उनकी नजरें जिम्बाब्वे दौरे पर जीत का खाता खोलने और टीम को नई शुरुआत दिलाने पर होंगी।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले वैभव तीन मैचों की उस सीरीज में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे, ऐसे में इस दौरे पर उनसे दमदार वापसी की उम्मीद रहेगी। इसके अलावा भारतीय टीम के कई युवा तेज गेंदबाजों को भी खुद को साबित करने का सुनहरा मौका मिलेगा। लंबे समय बाद टी20 टीम में लौटे रिंकू सिंह के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें होंगी। हालांकि, भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर मेजबान टीमों से कड़ी चुनौती मिली थी, इसलिए अपनी घरेलू परिस्थितियों में खेलने वाली जिम्बाब्वे की टीम भी भारतीय टीम के लिए आसान प्रतिद्वंद्वी नहीं होगी। आइए जानते हैं कि इस मुकाबले का लाइव प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं।
भारत बनाम जिम्बाब्वे पहले टी20 मैच को लाइव कहां देख सकते हैं?
- भारत बनाम जिम्बाब्वे पहले टी20 मैच का लाइव प्रसारण Unite8 Sports TV पर किया जाएगा। इसके अलावा DD Sports पर भी इसका लाइव प्रसारण होगा।
- भारत बनाम जिम्बाब्वे पहले टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां की जाएगी?
भारत बनाम जिम्बाब्वे पहले टी20मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode पर उपलब्ध होगी। - भारत बनाम जिम्बाब्वे हेड-टू-हेड
इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में भारत का पलड़ा जिम्बाब्वे पर काफी भारी रहा है। दोनों टीमें 14 बार आमने-सामने हुई हैं जिनमें से भारत ने 11 और जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते हैं। दोनों टीमें आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भिड़ी थीं जिसमें भारत ने 72 रनों से जीत हासिल की थी। जुलाई 2024 में भारत के जिम्बाब्वे दौरे पर भारत ने 4-1 से सीरीज जीती थी।
टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुम्बा, तफदजवा त्सिगा।


