नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी। यह पहली बार होगा जब अफगानिस्तान किसी द्विपक्षीय सीरीज में भारत की मेजबानी भारत की धरती पर करेगा। यह सीरीज अफगानिस्तान के भविष्य दौरा कार्यक्रम (FTP) का हिस्सा है। सीरीज के मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को होंगे। इसके साथ ही दिल्ली पहली बार भारतीय टीम के लगातार तीन अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करेगा। इससे पहले कोविड काल में अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता में लगातार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले आयोजित किए गए थे। अफगानिस्तान पहले अपने घरेलू मुकाबले लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में अन्य टीमों के खिलाफ खेलता रहा है, लेकिन भारत के खिलाफ भारत में मेजबानी का यह पहला अवसर होगा। यह सीरीज भारत के श्रीलंका दौरे के समापन और एशियाई खेलों के बीच आयोजित होगी। श्रीलंका दौरा 27 अगस्त को समाप्त होगा, जबकि इसके बाद भारतीय टीम 24 सितंबर से जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भाग लेगी।


