ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत के खिलाड़ी पांच खेलों में चुनौती पेश करेंगे। दिनभर में 14 स्वर्ण पदक स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें भारतीय दल की सबसे अधिक उम्मीदें पैरा पावरलिफ्टिंग से रहेंगी। इस स्पर्धा में सात भारतीय खिलाड़ी छह अलग-अलग वर्गों में पदक के लिए दम दिखाएंगे। शाम 5:40 बजे पुरुष लाइटवेट वर्ग में अशोक कुमार मलिक और परमजीत कुमार अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद महिला लाइटवेट में जसप्रीत कौर और सुमन देवी, जबकि महिला हेवीवेट में कस्तूरी राजामणि तथा पुरुष हेवीवेट में सुधीर और झंडू कुमार पदक के लिए मुकाबला करेंगे। लॉन बॉल्स में रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी सेक्शनल राउंड-2 में दक्षिण अफ्रीका की जोड़ी से भिड़ेगी। पुरुष सिंगल्स में पुतुल सोनोवाल का मुकाबला फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा।
जिम्नास्टिक्स में तपेश्वरनाथ दास, स्वाथिश केपी, तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह पुरुष टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में उतरेंगे। स्विमिंग में श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक और पैरा स्विमिंग में आर.वी.वी.बी.के. बुडिगिना 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में चुनौती पेश करेंगे। बॉक्सिंग में जदुमणि सिंह पुरुष 55 किग्रा वर्ग के राउंड-32 मुकाबले में स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन से भिड़ेंगे।इस बीच भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन बिना मुकाबला खेले ही महिला 75 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इस वर्ग में दोनों सेमीफाइनल हारने वाले खिलाड़ियों को भी कांस्य पदक मिलता है, ऐसे में लवलीना का पदक पहले ही पक्का हो गया है। अब उनकी नजर फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की दौड़ में बने रहने पर होगी।


