एनएसटी न्यूज, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार से शुरू हुई चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप-2026 (जोन ए एवं बी) के पहले दिन मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, रितु रानी हॉकी अकादमी, तमिलनाडु हॉकी अकादमी और राजा करण हॉकी अकादमी ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। पूल-ए के पहले मुकाबले में राजा करण हॉकी अकादमी ने खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर) को 2-0 से हराया। कप्तान राखी ने दोनों गोल (25वें और 58वें मिनट) कर टीम को जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में तमिलनाडु हॉकी अकादमी ने हॉकी फैमिली बढ़खालसा एनसीआर हॉकी सोसायटी को 8-0 से हराया। एस. पूजा ने हैट्रिक, कप्तान जेंसी ए और कीर्तिगा ने दो-दो गोल किए, जबकि वी. राघवी ने एक गोल दागा। पूल-बी में रितु रानी हॉकी अकादमी ने वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी को 13-0 से करारी शिकस्त दी। खुशदीप कौर ने चार, हीना ने तीन तथा चाहत और हश्मीत कौर ने दो-दो गोल किए। दिन के अंतिम मुकाबले में मेजबान मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता को 12-0 से पराजित किया। सुदीप्ता किंडो, कनक पाल, संजना मौर्य और सुजाता जयंत ने दो-दो गोल किए, जबकि प्रियांशी भावनार, स्नेहा डावडे, तन्वी और हिरवा पुरोहित ने एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया। अब लीग चरण के आगामी मुकाबलों में सभी टीमों की नजर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर रहेगी।


