नई दिल्ली. पांच बार के विश्व शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के अंतरिम अध्यक्ष का पद संभाल लिया है। यह जिम्मेदारी उन्हें FIDE अध्यक्ष आरकाडी द्वोरकोविच द्वारा अपने अधिकार अस्थायी रूप से निलंबित किए जाने के बाद मिली है। द्वोरकोविच को रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े मामलों के बीच यूरोपीय संघ (EU) की प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया है। इसके बाद उन्होंने संगठन के कामकाज पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े, इसके लिए स्वेच्छा से अपने अधिकार निलंबित कर दिए। FIDE परिषद ने उनके इस निर्णय को मंजूरी दे दी। FIDE चार्टर के अनुच्छेद 19.2 के तहत वर्ष 2022 से डिप्टी प्रेसिडेंट रहे विश्वनाथन आनंद अब अंतरिम अध्यक्ष के रूप में महासंघ का नेतृत्व करेंगे। वह तब तक इस पद पर बने रहेंगे, जब तक द्वोरकोविच पर लगे प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे या आगे कोई नया निर्णय नहीं लिया जाता। यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के तहत द्वोरकोविच के बैंक खाते फ्रीज होने और उनकी यात्रा पर भी रोक लग सकती है। हालांकि, उन्होंने इन प्रतिबंधों को “गैर-कानूनी और अन्यायपूर्ण” बताते हुए अदालत में चुनौती देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि FIDE के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया है।


