घरेलू सीजन में छत्तीसगढ़ से खेल सकते हैं यश दयाल

0

रायपुर। भारतीय तेज गेंदबाज यश दयाल आगामी घरेलू क्रिकेट सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं। इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा है, जो फिलहाल प्रक्रिया में है। इस बीच दयाल बेंगलुरु के अलूर में छत्तीसगढ़ टीम के प्री-सीजन कैंप में हिस्सा लेकर नए सत्र की तैयारियों में जुटे हैं।

28 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 27 मैचों में 84 विकेट, लिस्ट-ए में 23 मैचों में 33 विकेट और टी-20 क्रिकेट में 71 मैचों में 66 विकेट हासिल किए हैं। आईपीएल में भी उनके नाम 43 मैचों में 41 विकेट दर्ज हैं। सितंबर 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, हालांकि उन्हें पदार्पण का मौका नहीं मिला।

छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैंप में यश दयाल के अलावा भारत के लिए खेल चुके ऑफ स्पिन ऑलराउंडर जयंत यादव और सौराष्ट्र के स्पिन ऑलराउंडर धर्मेंद्रसिंह जडेजा भी अभ्यास कर रहे हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज अमेय खुरासिया की देखरेख में चल रहे इस कैंप के बाद इन खिलाड़ियों के छत्तीसगढ़ की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here