डूरंड कप 2026 में मुंबई एफसी से जुड़ेंगे टाइगर श्रॉफ, टीम का बने हिस्सा

0

नई दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को डूरंड कप 2026 के लिए मुंबई एफसी की टीम में शामिल किया गया है। फुटबॉल क्लब टूर्नामेंट के दौरान उन्हें मैदान पर उतारने की संभावनाएं भी तलाश रहा है। 135वें डूरंड कप के लिए 36 वर्षीय अभिनेता को टीम में जगह दी गई है। हालांकि, क्लब अभी उनके संभावित मैच खेलने को लेकर जरूरी व्यवस्थाओं और औपचारिकताओं पर काम कर रहा है। 2 मार्च 1990 को जय हेमंत श्रॉफ के रूप में जन्मे टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड की ‘बागी’ और ‘वॉर’ जैसी एक्शन फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। वह दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ और निर्माता आयशा दत्त के बेटे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुंबई एफसी के टेक्निकल डायरेक्टर जोहेब खान ने बताया कि क्लब टाइगर श्रॉफ को टीम के एक मुकाबले में शामिल करने की योजना बना रहा है, लेकिन इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोहेब खान ने स्पोर्टस्टार से कहा, “लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो सकते हैं और स्थिति अव्यवस्थित हो सकती है।” उन्होंने बताया कि क्लब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए फैसला लेगा। फिलहाल टाइगर श्रॉफ टीम के साथ नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं और खिलाड़ियों के साथ तालमेल बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।

मुंबई एफसी के टेक्निटल डायरेक्टर जोहेब खान ने बताया कि उन्होंने पहली बार 2023 में एक इन्फ्लुएंसर्स फुटबॉल लीग के दौरान टाइगर श्रॉफ की फुटबॉल प्रतिभा देखी थी। उनके तकनीकी स्किल से प्रभावित होकर क्लब की स्थापना के बाद 2024 में उन्होंने टाइगर को टीम के साथ अभ्यास के लिए आमंत्रित किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोहेब ने कहा, “उन्हें खेल की तकनीकी समझ है। जब हमने क्लब बनाया तो मैंने उन्हें हमारे साथ प्रैक्टिस सेशन में शामिल होने के लिए कहा। उन्हें स्लाइड टैकल, वन-ऑन-वन ड्रिब्लिंग जैसे पल बेहद पसंद हैं। फिर एक दिन उन्होंने कहा, ‘चलो एक प्रोफेशनल मैच खेलते हैं।'” डूरंड कप 2026 में मुंबई एफसी को ग्रुप ई में शिलॉन्ग लाजोंग एफसी, लांगस्निंग एफसी और नोंगकसेह एसएस एंड सीसी के साथ रखा गया है।

मुंबई एफसी अपने डूरंड कप 2026 अभियान की शुरुआत 3 अगस्त को शिलॉन्ग के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लांगस्निंग एफसी के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम इसी मैदान पर 8 अगस्त को शिलॉन्ग लाजोंग एफसी और 11 अगस्त को नोंगकसेह एसएस एंड सीसी के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल कप टूर्नामेंट और एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है। 2026 संस्करण में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल), आई-लीग 2, भारतीय सशस्त्र बलों की टीमें और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं।

डूरंड कप 2026: मुंबई एफसी शेड्यूल

3 अगस्त (सोमवार): मुंबई एफसी बनाम लांगस्निंग एफसी, शाम 7:00 बजे (IST)
8 अगस्त (शनिवार): मुंबई एफसी बनाम शिलॉन्ग लाजोंग एफसी, शाम 4:00 बजे (IST)
11 अगस्त (मंगलवार): मुंबई एफसी बनाम नोंगकसेह एसएस एंड सीसी, शाम 7:00 बजे (IST)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here