शूटिंग वर्ल्ड कप में ईशा का जलवा, गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

0

नई दिल्ली। चीन के हांगझू में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईशा सिंह ने बेहतरीन निशाना लगाते हुए ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए डबल पोडियम फिनिश सुनिश्चित की। क्वालीफिकेशन राउंड में भी भारतीय शूटर्स का दबदबा देखने को मिला।

खिलाड़ियों ने शानदार सटीकता और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और देश के लिए पदक की उम्मीदें मजबूत कीं। क्वालीफिकेशन राउंड में भारतीय निशानेबाजों ने अपनी ताकत दिखाई। मनु भाकर ने 586-20x के स्कोर के साथ टॉप पर जगह बनाई। ईशा सिंह सिर्फ एक पॉइंट पीछे 585-18x के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। राहि सरनोबत ने भी 582-16x का अच्छा स्कोर किया। फाइनल में पहुंचने वाली आठ निशानेबाजों में तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल थीं।

फाइनल में ईशा का अचूक निशाना, मनु भाकर को पीछे छोड़कर बनीं चैंपियन

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। ईशा सिंह ने पूरे समय शांति बनाए रखी और 40 हिट्स के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया। मनु भाकर को एक शूट-ऑफ जीतकर आगे बढ़ना पड़ा लेकिन अंत में वे 28 हिट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल पर संतोष करना पड़ा। ईशा ने पिछले कुछ समय से लगातार शानदार खेल दिखाया है और भारत के लिए मेडल जीता है।

ईशा सिंह ने गोल्ड जीतने के बाद बताया सफलता का राज

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईशा सिंह ने मैच के बाद बताया कि मुंबई में हाल ही में बनाए गए विश्व रिकॉर्ड के बाद इस बार दबाव ज्यादा था। उन्होंने कहा, “पिछले अच्छे प्रदर्शन के कारण इस मैच में काफी दबाव महसूस हुआ। जितना बेहतर प्रदर्शन करते हो, उतनी ज्यादा उम्मीदें बढ़ जाती हैं। मैं खुश हूं कि इस दबाव को झेलकर मैं स्वर्ण पदक जीत सकी।” उन्होंने हांगझू वेन्यू को भी खास बताया। 2023 एशियाई खेलों में यहीं चार पदक जीतने वाली ईशा को इस वेन्यू से अच्छी यादें हैं। परिचित रेंज, लाइटिंग और माहौल ने उन्हें फायदा पहुंचाया।

ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मनु भाकर खुश

मनु भाकर स्वर्ण पदक हासिल नहीं कर सकीं, लेकिन उन्होंने कांस्य पदक को भी बेहद अहम उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि इस प्रदर्शन से उन्हें सीख मिलेगी और वह आगे बेहतर करने के लिए मेहनत जारी रखेंगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मनु ने कहा, “यह पदक मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे मुझे पता चलता है कि क्या चीजें सही दिशा में जा रही हैं और आगे किन पहलुओं पर काम करने की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि इस अनुभव से प्रेरणा लेकर वह आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here