नई दिल्ली : भारत की अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जूडो में स्वर्ण पदक जीतकर ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। इन दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत के खाते में अब कुल 5 गोल्ड मेडल हो गए हैं, जबकि देश की कुल पदक संख्या बढ़कर 19 पहुंच गई है। महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अस्मिता डे ने कनाडा की हेडी क्वाच को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में हर्ष सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से मात देकर भारत को दूसरा गोल्ड दिलाया।
राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में यह पहला अवसर है जब भारत ने जूडो में स्वर्ण पदक जीता है। अस्मिता डे और हर्ष सिंह की ऐतिहासिक सफलता के साथ भारत के खाते में अब कुल 19 पदक हो गए हैं, जिनमें 5 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं। भारतीय दल की पदक संख्या अभी और बढ़ने की पूरी उम्मीद है। जूडो में यामिनी मौर्य फाइनल में पहुंचकर कम से कम रजत पदक पहले ही पक्का कर चुकी हैं। वहीं, बॉक्सिंग में पांच भारतीय मुक्केबाज फाइनल में जगह बनाकर कम से कम रजत और पांच अन्य सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर चुके हैं।
भारत के लिए CWG 2026 में अब तक मेडल जीतने वाले खिलाड़ी
| क्रमांक | खिलाड़ी | खेल | पदक |
|---|---|---|---|
| 1 | मीराबाई चानू | वेटलिफ्टिंग | स्वर्ण |
| 2 | शर्मिला धनकड़ | महिला शॉट पुट F57 | स्वर्ण |
| 3 | ऋषिकांता सिंह चाननबाम | वेटलिफ्टिंग | रजत |
| 4 | राजा मुथुपांडी | वेटलिफ्टिंग | रजत |
| 5 | ज्ञानेश्वरी यादव | वेटलिफ्टिंग | रजत |
| 6 | अजय बाबू | वेटलिफ्टिंग | रजत |
| 7 | सर्वेश कुशारे | पुरुष हाई जंप | रजत |
| 8 | झांडू कुमार | पैरा पावरलिफ्टिंग | कांस्य |
| 9 | बिंद्यारानी देवी | वेटलिफ्टिंग | कांस्य |
| 10 | शिल्पा शायला | महिला शॉट पुट F57 | कांस्य |
| 11 | हरजिंदर कौर | वेटलिफ्टिंग | रजत |
| 12 | गुलवीर सिंह | 10 हजार मीटर रेस | रजत |
| 13 | दिलीप गावित | पुरुष 100 मीटर (पैरा एथलेटिक्स) | स्वर्ण |
| 14 | मुरली श्रीशंकर | लॉन्ग जम्प | रजत |
| 15 | मोहम्मद बासिल | पुरुष 100 मीटर (पैरा एथलेटिक्स) | रजत |
| 16 | लवप्रीत सिंह | वेटलिफ्टिंग | रजत |
| 17 | सीमा कालीरमन | महिला डिस्कस थ्रो | कांस्य |
| 18 | अस्मिता डे | महिला जूडो | स्वर्ण |
| 19 | हर्ष सिंह | पुरुष जूडो | स्वर्ण |


