कामनवेल्थ रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव डीएसपी बनेंगी, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

0

रायपुर।(एनएसटीन्यूज़) कामनवेल्थ खेलों की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार 03 अगस्त को रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों, खेल प्रेमियों तथा खिलाड़ियों ने उनका आत्मीय अभिनंदन करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें डीएसपी पदोन्नति देकर सम्मानित किया.

राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने खेल जीवन की शुरुआती ट्रेनिंग अपने गृह जिले में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर उन्होंने कामनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि का सम्मान करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति देने तथा 30 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की है। सरकार के इस निर्णय को प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में ज्ञानेश्वरी यादव एवं उनके माता-पिता का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि राज्य के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

ज्ञानेश्वरी यादव ने इस सम्मान के लिए राज्य सरकार, अपने प्रशिक्षकों, परिवार और प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए नई जिम्मेदारी लेकर आई है और भविष्य में भी वे देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ पूरी मेहनत करती रहेंगी।प्रदेशभर में ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे सम्मान और प्रोत्साहन से प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी तथा युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here