नई दिल्ली : वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिदाद) के क्वींस पार्क ओवल में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अब्दुल्ला शफीक ने शानदार शतक जड़ा, जबकि अपने 150वें अंतरराष्ट्रीय मैच में कप्तानी कर रहे बाबर आजम ने नाबाद 86 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस दमदार बल्लेबाजी के साथ मुकाबले के दूसरे दिन एक और बड़ा रिकॉर्ड भी बना। वेस्टइंडीज की धरती पर 18 साल बाद किसी टेस्ट मैच के एक दिन में सबसे ज्यादा रन बने, जिसने इस दिन को ऐतिहासिक बना दिया।
पहले दिन वेस्टइंडीज ने 239 रन बनाए थे। दूसरे दिन मेजबान टीम ने अपनी पारी में 105 रन और जोड़ते हुए 344 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ाई और टीम ने 98 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद अब्दुल्ला शफीक और बाबर आजम ने पारी संभालते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक स्कोर 2 विकेट पर 266 रन पहुंचा दिया। इस तरह दूसरे दिन दोनों टीमों ने मिलकर कुल 371 रन बनाए, जो 2008 के बाद वेस्टइंडीज की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट के किसी एक दिन में बना सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर है।
168 रन की नाबाद साझेदारी से पाकिस्तान मजबूत स्थिति में
पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में दूसरे दिन के अंत तक 2 विकेट पर 266 रन बना लिए हैं। अब्दुल्लाह शफीक 107 रन बनाकर नाबाद हैं। जबकि कप्तान बाबर आजम 86 रन बनाकर क्रीज पर टिके हैं। दोनों के बीच अभी तक 168 रन की साझेदारी हो गई है। वहीं इन दोनों बल्लेबाजों से पहले ओपनर अजान अवेस ने 71 गेंद पर 55 रन की पारी खेली थी। जबकि इमाम उल हक 14 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए थे।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 344 रन बनाए, जिसमें कप्तान रोस्टन चेज ने 70 और जस्टिन ग्रीव्स ने 73 रन की अहम पारियां खेलीं। ब्रेंडन किंग ने भी 46 रन का उपयोगी योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से साजिद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट झटके, जबकि अली उस्मान, उबैद शाह और मोहम्मद अली को 2-2 विकेट मिले। दो मैचों की इस सीरीज का पहला टेस्ट वेस्टइंडीज ने 90 रन से जीता था। ऐसे में यह दूसरा और अंतिम मुकाबला है। यदि यह मैच ड्रॉ भी रहता है, तो वेस्टइंडीज सीरीज अपने नाम कर लेगी।


