CSK स्टार के तूफान से वेल्श फायर को जीत, प्लेऑफ की जंग में आया नया मोड़

0

नई दिल्ली: द हंड्रेड 2026 के 19वें मुकाबले में वेल्श फायर ने सदर्न ब्रेव को 6 विकेट से हराकर अहम जीत दर्ज की। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट। ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए और टीम को लक्ष्य तक आसानी से पहुंचा दिया। उनकी संयमित लेकिन प्रभावी पारी की बदौलत वेल्श फायर ने 116 रन का लक्ष्य 5 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया और प्लेऑफ की दौड़ को और रोमांचक बना दिया।

मैथ्यू शॉर्ट ने अपनी शानदार पारी के दौरान 6 चौके और 2 छक्के जड़े। यह वेल्श फायर की मौजूदा सीजन में पांच मैचों में चौथी जीत रही। इस जीत के साथ टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि ट्रेंट रॉकेट्स बेहतर नेट रनरेट के आधार पर अब भी शीर्ष पर काबिज है। दोनों टीमों के 16-16 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट का अंतर ट्रेंट को बढ़त दिला रहा है। दूसरी ओर, वेल्श फायर की इस जीत ने भारत से जुड़ी तीन फ्रेंचाइजी—एमआई लंदन, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सनराइजर्स लीड्स की प्लेऑफ की राह को और कठिन बना दिया है।

प्लेऑफ की रेस में बढ़ा रोमांच

अगर मौजूदा अंकतालिका पर नजर डालें तो एमआई लंदन की टीम तीसरे स्थान पर है। उसने अभी तक 5 में से तीन मैच जीते हैं और उसके 12 अंक हैं। जबकि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स अपने पिछले तीनों मैच हारकर पांचवें और सनराइजर्स लीड्स की टीम छठे स्थान पर है। अगर टॉप 3 की रेस में रहना है तो सुपर जायंट्स को बचे हुए तीनों मैच जीतने होंगे। वहीं सनराइजर्स ने चार में से दो मैच ही जीते हैं और उसके सिर्फ 8 अंक हैं।

आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट में सिर्फ शीर्ष तीन टीमें ही प्लेऑफ में जगह बना पाएंगी। द हंड्रेड के प्लेऑफ प्रारूप के तहत लीग चरण समाप्त होने के बाद अंकतालिका में पहले स्थान पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचती है, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाता है। इसका मतलब है कि बाकी पांच टीमों का सफर लीग चरण में ही समाप्त हो जाएगा। फिलहाल एमआई लंदन तीसरे स्थान पर मौजूद है, लेकिन प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए उसे अपने बचे तीन मैचों में कम से कम दो जीतना जरूरी होगा। वहीं सनराइजर्स लीड्स और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए स्थिति और भी कठिन है। दोनों टीमों को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने सभी शेष मुकाबले जीतने पड़ सकते हैं।

द हंड्रेड 2026 के 19वें मैच के बाद अंकतालिका
स्थान टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक नेट रन रेट
1 ट्रेंट रॉकेट्स 5 4 1 0 16 +0.760
2 वेल्श फायर 5 4 1 0 16 -0.081
3 एमआई लंदन 5 3 2 0 12 +0.399
4 सदर्न ब्रेव 6 2 4 0 8 +0.022
5 मैनचेस्टर सुपर जायंट्स 5 2 3 0 8 +0.021
6 सनराइजर्स लीड्स 4 2 2 0 8 -0.036
7 लंदन स्पिरिट 4 1 3 0 4 -0.055
8 बर्मिंघम फिनिक्स 4 1 3 0 4 -1.208

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here