‘वैभव का रास्ता आसान नहीं था’, पूर्व क्रिकेटर ने किया बड़ा खुलासा

0

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने पिछले महीने महज 15 साल 118 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। हालांकि उनके डेब्यू को लेकर एक सवाल लगातार उठता रहा कि उन्हें आयरलैंड दौरे पर मौका क्यों नहीं मिला और सीधे इंग्लैंड जैसी मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने उतारा गया। कठिन परिस्थितियों में मिले इस डेब्यू में वैभव उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। अब इसी मुद्दे पर टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने सवाल खड़े किए हैं। कैफ ने चयन और टीम मैनेजमेंट के फैसलों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी के साथ बेहतर योजना अपनाई जानी चाहिए थी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद कैफ का कहना साफ है कि आप उन्हें आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करवा सकते थे, जिससे वह इंग्लैंड में अधिक आत्मविश्वास के साथ उतरते। बल्कि उनके सफर को कठिन बनाया गया और आयरलैंड दौरे पर सिर्फ पानी पिलाने के लिए बोला गया। आपको बता दें कि वैभव ने इंग्लैंड में अपनी पहली तीन टी20 इंटरनेशनल पारियों में 14, 13 और 15 रन बनाए थे। उसके बाद जिम्बाब्वे में उनका बल्ला चला और वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने। इस पर कैफ ने विस्तार से अपनी राय बताई है।

वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले मोहम्मद कैफ?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के लिए 13 टेस्ट और 125 वनडे इंटरनेशनल खेलने वाले मोहम्मद कैफ ने कहा, ”वैभव एक एक्स फैक्टर वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपनी खुद की एक पहचान बनाई है। उन्होंने सिर्फ एक या दो मैचों में नहीं परफॉर्म किया। बल्कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करके ऑरेंज कैप भी जीती। उन्हें आयरलैंड में खेलना चाहिए था। इससे उनका प्रेशर कम होता और वह इंग्लैंड में पहुंचकर अच्छा परफॉर्म कर सकते थे। उनके पीछे उनके अच्छे फॉर्म का आत्मविश्वास था। लेकिन आपने उन्हें बोला कि पहले पानी पिलाओ। वह स्पेशल खिलाड़ी हैं और उन्हें स्पेशल ट्रीटमेंट मिलना चाहिए। सीधे आयरलैंड में उनको खिलाना चाहिए था।”

‘वैभव का सफर कठिन बनाया गया’

मोहम्मद कैफ ने वैभव सूर्यवंशी को शुरुआती तीन मैचों के बाद टीम से बाहर किए जाने पर भी सवाल उठाए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “वह इंग्लैंड में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए और आपने उन्हें बाहर कर दिया। वैभव जैसे युवा बल्लेबाज ने जोफ्रा आर्चर जैसे तेज गेंदबाजों का सामना किया था। मुझे पूरा भरोसा है कि भारत में खेलने का मौका मिलेगा तो वह खूब रन बनाएंगे। उनका सफर पहले से ही कठिन है, लेकिन उसे आसान बनाया जा सकता था। इसके बजाय उनके लिए हालात और मुश्किल बना दिए गए। वह एक स्पेशल टैलेंट हैं और उन्हें इतनी जल्दी टीम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए था। जिम्बाब्वे दौरे पर आपने देखा कि उन्होंने कैसा प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।”

वैभव सूर्यवंशी की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी, लेकिन उन्होंने जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार वापसी करते हुए अपनी प्रतिभा का दम दिखा दिया। शुरुआती तीन अंतरराष्ट्रीय पारियों में वह केवल 42 रन ही बना सके थे, लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने 151 रन ठोक दिए। तीसरे मुकाबले में वैभव ने महज 49 गेंदों में 81 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। पूरी सीरीज में उन्होंने 50.33 की औसत से 151 रन बनाए और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी अपने नाम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here