नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा इन दिनों पूर्व दिग्गजों द्वारा चुनी जा रही वर्ल्ड कप 2027 की टीमों का विश्लेषण कर रहे हैं। जहां कई पूर्व क्रिकेटर अपनी-अपनी पसंद की टीम चुन रहे हैं, वहीं आकाश चोपड़ा उन स्क्वाड की मजबूती और संतुलन को परखकर रेटिंग दे रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मंगलवार को रवि शास्त्री के वर्ल्ड कप स्क्वाड का विश्लेषण किया था। अब बुधवार, 5 अगस्त को चोपड़ा ने पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर द्वारा चुनी गई वर्ल्ड कप टीम पर अपनी राय रखी और बताया कि यह स्क्वाड आगामी टूर्नामेंट के लिहाज से कितना सटीक और मजबूत नजर आता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आपको बता दें कि आकाश चोपड़ा ने अपने वीडियो में बताया कि सुनील गावस्कर ने अपने भारतीय टीम के वर्ल्ड कप स्क्वाड में रोहित शर्मा, शुभमन गिल को बतौर ओपनर चुना था। विराट कोहली भी उनकी टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा केएल राहुल, उपकप्तान श्रेयस अय्यर और दूसरे विकेटकीपिंग विकल्क के रूप में इशान किशन को उन्होंने चुना था।
सुनील गावस्कर ने अपनी अंतिम 15 सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम में हार्दिक पंड्या के साथ नितीश कुमार रेड्डी को बतौर पेस ऑलराउंडर शामिल किया था। वहीं स्पिन विभाग में उन्होंने कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा को जगह दी। तेज गेंदबाजी आक्रमण में गावस्कर ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को चुना। अब नजरें इस बात पर हैं कि आकाश चोपड़ा ने गावस्कर के इस स्क्वाड को कितना संतुलित माना और किन खिलाड़ियों के चयन को लेकर अपनी राय रखी।
सुनील गावस्कर का वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
वर्ल्ड कप स्क्वाड पर क्या बोले आकाश चोपड़ा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने सुनील गावस्कर द्वारा चुनी गई वर्ल्ड कप टीम को काफी मजबूत बताया और इस स्क्वाड को 10 में से करीब 8.5 से 9 अंक दिए। उन्होंने खासतौर पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के चयन को मास्टरस्ट्रोक करार दिया। चोपड़ा ने कहा कि उन्हें गावस्कर की टीम पसंद आई है और काफी हद तक यही या इसी तरह की टीम आगामी विश्व कप के लिए चुनी जा सकती है। इससे पहले आकाश चोपड़ा ने रवि शास्त्री के वर्ल्ड कप स्क्वाड पर कुछ सवाल उठाए थे। शास्त्री की टीम में मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार के चयन को लेकर उन्होंने कहा था कि इसकी संभावना कम नजर आती है, जब तक कि शास्त्री खुद चयनकर्ता की भूमिका में न हों।


