नई दिल्ली : ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बाद सबसे पहले पाकिस्तान के मुक्केबाज कुदरतुल्लाह के लापता होने की खबर सामने आई थी। अब युगांडा के चार और बॉक्सर भी गायब बताए जा रहे हैं। इस तरह कुल पांच मुक्केबाजों के लापता होने का मामला सामने आने के बाद खेल जगत में चिंता बढ़ गई है। मामले की सूचना स्कॉटलैंड पुलिस को दे दी गई है और पुलिस ने सभी खिलाड़ियों की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद खिलाड़ियों के लापता होने की घटनाएं पहली बार नहीं हुई हैं। इससे पहले भी कई संस्करणों में अलग-अलग देशों के एथलीट प्रतियोगिता खत्म होने के बाद अपने दल से अलग हो गए थे, जिसके चलते मेजबान देश की सुरक्षा एजेंसियों को जांच करनी पड़ी थी।
NBS और पाकिस्तान टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पांच मुक्केबाज (चार यूगांडा और एक पाकिस्तानी) गायब हैं। यूगांडा के मुक्केबाजों ने भी मंगलवार को अपने देश रवाना होने वाले अन्य खिलाड़ियों के साथ शिरकत नहीं की थी। जबकि ऐसा ही कुछ मामला पाकिस्तान के कुदरतुल्लाह के साथ सामने आया था। वह अपने होटल रूम से ही गायब थे। एथलीटों के लापता होने की जानकारी मिलते ही स्कॉटलैंड की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। मामले की जांच अब स्थानीय पुलिस के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों की निगरानी में की जा रही है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया है।
इस मामले पर स्कॉटलैंड पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमें कुछ एथलीटों के लापता होने की रिपोर्ट मिली है। इन सभी मामलों की जांच जारी है और इस संबंध में होम ऑफिस के साथ भी लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।” पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है और खिलाड़ियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। यूगांडा के गायब हुए चार मुक्केबाजों में से दो महिला और दो पुरुष मुक्केबाज शामिल हैं। इब्राहिम केमिस, नुहू बट्टे, एमिली नकालेमा और एंजेल काटुशाबे को मंगलवार को बाकी खिलाड़ियों के साथ वतन वापसी की उड़ान भरनी थी। मगर यह चारों एथलीट्स मौके से लापता थे।
कॉमनवेल्थ गेम्स में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक से एथलीट्स का गायब होना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद दो मुक्केबाज अपने होटल से भाग गए थे। वहीं श्रीलंका के एक रेसलर, जूडो प्लेयर और जूडो कोच के भी गायब होने की जानकारी मिली थी। इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट में भी करीब 50 से ज्यादा एथलीट्स गैरकानूनी तरीके से ऑस्ट्रेलिया में रुके थे और खेल गांव से गायब हो गए थे।
एथलीटों के लापता होने की घटनाएं पहले भी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में सामने आ चुकी हैं। पाकिस्तान के मुक्केबाज जोहैब रशीद को लेकर भी खबर आई थी कि 2024 वर्ल्ड ओलंपिक क्वालिफायर के दौरान वह अपने रूम पार्टनर का विदेशी मुद्रा और अन्य जरूरी सामान लेकर इटली के एक शहर से गायब हो गए थे। इस घटना ने उस समय भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसी तरह 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद भी लगभग एक दर्जन एथलीट अपने दल से अलग होकर लापता हो गए थे। ऐसे मामलों के कारण मेजबान देशों की सुरक्षा एजेंसियों और इमिग्रेशन विभाग को जांच करनी पड़ी थी, जिससे खेल आयोजनों के बाद खिलाड़ियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे।


