नई दिल्ली : भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राज्य में जमीन खरीदने में मदद की अपील की। फिलहाल भारतीय टीम के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर गए पंत उत्तराखंड में अपना घर बनाकर दिल्ली से अपने गृह राज्य में शिफ्ट होना चाहते हैं। 28 वर्षीय पंत ने बताया कि वह पिछले तीन साल से उत्तराखंड में जमीन की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपनी जरूरतों के मुताबिक उपयुक्त प्रॉपर्टी नहीं मिल सकी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऋषभ पंत ने एक्स पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए लिखा, ‘हेलो सर, आप कैसे हैं??? मुझे उत्तराखंड का निवासी होने के नाते बहुत समय हो गया है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं और मुझे यहां रहने के लिए कोई जगह नहीं मिली। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरी आपसे विनम्र आंग्रह है कि कृपया जमीन खरीदने में मेरी मदद करें क्योंकि यह बुरा सपना बन गया है और दूसरी जमीन भी नहीं मिली है जो मुझे राज्य को प्रमोट करने के लिए मिलनी थी।’
‘आपके जवाब का इंतजार है’…
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पंत ने कहा, ‘मैं अपने मूल स्थान वापस लौटना चाहता हूं। मैं अपने पहाड़ी लोगों के पास वापस जाना चाहता हूं। कृपया इस मामले को देखें। 3 साल हो गए हैं कोई जमीन नहीं मिली है। आपके जवाब का इंतजार है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे पर हमारे राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक गिफ्ट बहुत अच्छा रहेगा, लेकिन अगर आप इजाजत दें तो मैं इसे सरकार से खरीदना चाहता हूं और उनके रेट पर कम से कम मैं अपने राज्य में अपना पहला घर बनवा सकता हूं। प्लीज हेल्प करें। सच में मुझे नहीं पता कि यह कैसे करना है।’
सपना पूरा करने दिल्ली गए पंत
ऋषभ पंत का जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ था और उन्होंने अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत भी यहीं से की। बेहतर क्रिकेट करियर बनाने के लिए वह बाद में दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा को निखारा और आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। पंत घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से खेलते हैं, लेकिन अपने गृह राज्य उत्तराखंड के साथ उनका जुड़ाव आज भी मजबूत बना हुआ है। अब वह उत्तराखंड में अपना घर बनाकर राज्य से अपने रिश्ते को और गहरा करना चाहते हैं।


