नई दिल्ली : दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) के 17वें मुकाबले में शनिवार (9 अगस्त) को आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यश ढुल की कप्तानी वाली सेंट्रल दिल्ली किंग्स की यह इस सीजन की पहली हार रही। इससे पहले टीम लगातार चार मुकाबले जीतकर शानदार लय में थी। प्रियांश आर्या और नवदीप सैनी जैसे स्टार खिलाड़ियों से सजी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स के विजय रथ को रोक दिया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो शिवम शर्मा रहे, जिन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में 24 रन की तूफानी पारी खेलने के साथ 37 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट भी झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 216 रन बनाए। इसके जवाब में सेंट्रल दिल्ली किंग्स 17.2 ओवर में 191 रन पर आउट हो गई। आउटर दिल्ली के बल्लेबाजों की बात करें तो प्रियांश आर्या ने 19, यजस शर्मा ने 46, ध्रुव सिंह ने 8, अक्षय सैनी ने 29, मोहित पंवर ने 21 और मोनू शुक्ला ने 14 रन बनाए।
मोनी ग्रेवाल और जोंटी सिद्धू का गेंद से जलवा, 2-2 विकेट झटके
शिवम शर्मा ने 24, हर्ष त्यागी ने 24, कप्तान सिद्धांत शर्मा ने नाबाद 19 और प्रथम सलुजा ने 8 रन बनाए। नवदीप सैनी बगैर खाता खोले नाबाद रहे। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए मोनी ग्रेवाल-जोंटी सिद्धू ने 2-2 विकेट लिए। अरुण पुंदिर, गवनिश खुराना, जसवीर सहरावत ने 1-1 विकेट लिए।


