नई दिल्ली : भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने रविवार (9 अगस्त) को कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की चौथी वरीयता प्राप्त हान कियान शी को कड़े मुकाबले में हराकर अपना पहला बीडब्ल्यूएफ (BWF) वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया। पूरे मैच के दौरान अश्मिता ने बेहतरीन संयम, आक्रामक खेल और शानदार कोर्ट कवरेज का प्रदर्शन किया। इस यादगार जीत के साथ उन्होंने न केवल अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब हासिल किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में भारत का गौरव भी बढ़ाया। असम की रहने वाली इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए विश्व में 35वें नंबर की खिलाड़ी हान को 53 मिनट तक चले मैच में 14-21, 21-14, 21-14 से हराया। दाहिने घुटने में चोट लगने के कारण तीन महीने के ब्रेक के बाद अश्मिता ने मई में वापसी की थी। इसके बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है।
मकाऊ ओपन में भी दिखा था अश्मिता का दम
अश्मिता मकाऊ ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंची थीं। विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर काबिज अश्मिता गुवाहाटी स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में पार्क ताए-सांग के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं। इस तरह से भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार दूसरे सप्ताह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर का खिताब जीता। तन्वी शर्मा ने पिछले रविवार को ताइपे ओपन का खिताब अपने नाम किया था।