नई दिल्ली : श्रीलंका से रविवार (9 अगस्त) को राहत भरी खबर आई। दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट के बाद कप्तान शुभमन गिल पहली बार बल्लेबाजी करते दिखे। गिल ने इस चोट के कारण श्रीलंका 11 के खिलाफ 3 दिवसीय अभ्यास मैच में बल्लेबाजी भी नहीं की। श्रीलंका 11 की पहली पारी के 363/8 (घोषित) के जवाब में भारत ने तीसरे दिन खेल शुरू होने से पहले 357/6 के स्कोर पर पारी घोषित की। इसके बाद सुबह के सत्र में बॉलिंग शुरू की, तो ब्रॉडकास्ट विजुअल्स में गिल पैड पहनकर नेट्स पर बैटिंग करते दिखे। प्रैक्टिस मैच शुरू होने से एक दिन पहले 26 साल के गिल को ट्रेनिंग के दौरान उंगली में चोट लग गई थी।
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में बताया था, “भारत के अभ्यास सत्र के दौरान गुरुवार को कप्तान शुभमन गिल के दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लग गई। एहतियात के तौर पर वह श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे।” गिल की गैरमौजूदगी में उपकप्तान केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली। चोट के कारण गिल भारत की पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतरे। उनकी अनुपस्थिति में बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 142 रनों की शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान है। जसप्रीत बुमराह सीरीज से बाहर हो गए हैं। वाशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट से बाहर हैं। बाएं हाथ के बैट्समैन साई सुदर्शन भी फिट नहीं हो सके हैं।। सुदर्शन ने पिछले महीने दो इंडिया ए के श्रीलंका दौरे पर दो शतक बनाए थे।


