सरफराज टीम में शामिल, फिर भी खेलने के लिए करना होगा इंतजार

0

नई दिल्ली : भारतीय टेस्ट टीम में श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली सीरीज से पहले अचानक बदलाव हुआ है। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज साई सुदर्शन के पूरी सीरीज से बाहर होने के बाद सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है। करीब 21 महीने बाद सरफराज की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई है, लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की होगी। टीम में पहले से मौजूद विकल्पों और मौजूदा संयोजन को देखते हुए यह सवाल बना हुआ है कि सरफराज को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मैदान पर उतरने का मौका मिलेगा या उन्हें पूरी सीरीज बेंच पर ही बैठना पड़ेगा।

अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट 11 के खिलाफ देवदत्त पडिक्कल की नाबाद 142 रन की पारी इसका सबसे बड़ा कारण बनी है। क्योंकि सुदर्शन सीरीज से बाहर हैं तो यह साफ है कि नंबर 3 पर पडिक्कल ही खेलेंगे। अगर पडिक्कल का बल्ला नहीं चलता या फॉर्म खराब होता तो ऐसा माना जा सकता था। फिलहाल यह साफ है कि पडिक्कल नंबर 3 पर और कप्तान शुभमन गिल भी तैयार लग रहे हैं और वह नंबर 4 पर आएंगे।

इसके बाद ऋषभ पंत के नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने की संभावना है, जबकि रविंद्र जडेजा, मानव सुतार और ध्रुव जुरेल में से चयनित खिलाड़ियों को नंबर छह, सात और आठ की जिम्मेदारी मिल सकती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरफराज खान के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह कहां बनेगी। आंकड़ों पर नजर डालें तो सरफराज ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा पारियां नंबर छह पर बल्लेबाजी करते हुए खेली हैं। हालांकि, इस स्थान पर रविंद्र जडेजा या ध्रुव जुरेल को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। यही वजह है कि सरफराज की टीम में वापसी के बावजूद उनके लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं दिख रहा है और पूरी सीरीज बेंच पर बैठकर गुजारने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

सरफराज खान का टेस्ट रिकॉर्ड क्या कहता है?

सरफराज खान ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अब तक उन्होंने 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं। सरफराज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निचले मध्यक्रम के आक्रामक बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई है और जरूरत पड़ने पर तेजी से रन बनाने की क्षमता दिखाई है। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज में उनके लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा। भारतीय टीम में इस समय कई ऑलराउंड विकल्प मौजूद हैं। मानव सुतार और सारांश जैन भी निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं, जिससे सरफराज के लिए अंतिम एकादश में जगह की चुनौती और बढ़ जाती है।

सरफराज ने टेस्ट में किस पोजिशन पर बनाए कितने रन

नंबर 4: 2 पारी, 150 रन, एक शतक, एक शून्य
नंबर 5: एक पारी 56 रन
नंबर 6: 4 मैच, 6 पारी, 156 रन, 2 अर्धशतक, एक शून्य
नंबर 7: एक पारी, 9 रन
नंबर 8: एक पारी, 0 रन

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here