नई दिल्ली : इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप में रविवार, 9 अगस्त को हैम्पशायर और ससेक्स के बीच खेले गए मुकाबले में हैम्पशायर के टोबी एल्बर्ट ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। एल्बर्ट ने महज 37 गेंदों में 86 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी का सबसे खास पल तब आया, जब उन्होंने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जड़कर गेंदबाज के खिलाफ जबरदस्त आक्रामक अंदाज दिखाया। इस विस्फोटक पारी ने मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया और एल्बर्ट की बल्लेबाजी चर्चा का केंद्र बन गई।
हालांकि, यह स्पष्ट कर दें कि यह छह छक्के उन्होंने एक ओवर की लगातार छह गेंद पर नहीं जड़े। बल्कि अपनी पारी की लगातार छह गेंद पर उन्होंने छह छक्के लगाए। टोबी ने हैम्पशायर की पारी के के 43वें ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर नैंटेस ओस्थोइजेन के खिलाफ दो लगातार छक्के लगाए। उसके बाद 44वें ओवर में जब रॉबर्ट किर्टले के सामने वह आए तो उन्होंने तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार चार छक्के जड़ दिए।
टोबी एल्बर्ट ने अपनी पारी के दौरान लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जड़कर तहलका मचा दिया। उन्होंने 232.43 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनके अलावा हैम्पशायर की ओर से दोनों सलामी बल्लेबाजों ने भी शतक जड़े। एलिस्टेयर ओर ने 105 गेंदों में 105 रन, जबकि बेन मायस ने 115 गेंदों में 109 रन की शानदार पारी खेली। भारतीय बल्लेबाज आशुतोष शर्मा हालांकि 12 गेंदों में सिर्फ 12 रन ही बना सके। इन सभी के दमदार प्रदर्शन की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए हैम्पशायर ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 383 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
हैम्पशायर ने 51 रन से जीता रोमांचक मुकाबला
384 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ससेक्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि सलामी बल्लेबाज चार्ली टीयर ने 94 गेंदों में 111 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं। दूसरे सलामी बल्लेबाज टोम हेन्स और नंबर तीन पर उतरे ओलिवर कार्टर जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे ससेक्स ने महज 41 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद जैक लीनिंग ने टीयर का साथ दिया और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। लीनिंग ने 92 रन बनाए, जबकि डैनियल इब्राहिम ने 42 गेंदों में 55 रन की तेज पारी खेली। हालांकि ये प्रयास ससेक्स को जीत नहीं दिला सके और पूरी टीम 48.5 ओवर में 332 रन पर सिमट गई। इस तरह हैम्पशायर ने मुकाबला 51 रन से अपने नाम कर लिया।


