नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कम खेलों और सीमित प्रतिस्पर्धा के बावजूद 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 9 अगस्त 2026 को अपने आवास पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसी दौरान रजत पदक विजेता मुक्केबाज नरेंद्र बरवाल ने अपने अनुभव से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया। उनका किस्सा सुनकर वहां मौजूद प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई और माहौल खुशनुमा हो गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दरअसल यह किस्सा था उनके और पाकिस्तानी बॉक्सर के बीच हुई बातचीत का। नरेंद्र ने वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स 2015 का वाकया सुनाया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी मुक्केबाज के साथ उनकी क्या बातचीत हुई थी। जब उन्होंने यह पूरा किस्सा सुनाया तो वहां बैठे सभी खिलाड़ियों के साथ-साथ पीएम नरेंद्र मोदी भी ठहाके लगाकर हंसने लगे।
नरेंद्र नाम को लेकर क्या था पूरा वाकया?
नरेंद्र ने बताया कि 2015 वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स के दौरान उनके कोच का नाम भी नरेंद्र राणा था। वहीं उनका खुद का नाम भी नरेंद्र है और उस वक्त 2014 में नरेंद्र मोदी भी पहली बार प्रधानमंत्री बन चुके थे। इसी से जुड़ा किस्सा भारतीय मुक्केबाज ने सुनाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया, ”पाकिस्तानी बॉक्सर ने मुझसे कहा, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है, आपके प्रधानमंत्री का नाम नरेंद्र है। मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।” बस इसे सुन वहां बैठे सभी लोगों की हंसू छूट गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 9 अगस्त 2026 को राष्ट्रमंडल खेलों के सभी पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की, उनके अनुभव और किस्से सुने तथा शानदार प्रदर्शन के लिए सभी की सराहना की। मुक्केबाजी में भारत ने ग्लासगो खेलों में कुल 10 पदक जीते, जो राष्ट्रमंडल खेलों में इस खेल में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। भारत ने पूरे खेलों में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक अपने नाम किए। अब अगले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भारत करेगा, जहां 2030 में गुजरात के अहमदाबाद शहर में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।


