नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांगुली को पिछले छह महीनों से लगातार धमकी भरे संदेश और पत्र मिल रहे थे। ताजा जानकारी के मुताबिक, धमकी की गंभीरता को देखते हुए सौरव गांगुली ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और धमकी भरे संदेशों व पत्रों के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में मामले की लिखित शिकायत दी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार यह मामला तब संज्ञान में आया जब सोमवार को दो धमकी भरे पत्र मिले।
सौरव गांगुली ने जो शिकायत पत्र पुलिस को दिया है, उसी जानकारी के मुताबिक पिछले छह महीनों से ऐसे पत्र आ रहे हैं। शुरुआत में उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था। इसके बाद सोमवार 10 अगस्त 2026 को जान से मारने की धमकी वाले पत्र के बाद शिकायत दर्ज करवाई गई। इसमें उनकी पत्नी को भी मारने और उनके करीबियों को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें लिखी थीं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि धमकी भरे पत्र भेजने के पीछे क्या मकसद है और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति कौन है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हम इस शिकायत को गंभीरता से ले रहे हैं और जांच शुरू कर दी गई है। धमकी भरे पत्रों की जांच के साथ-साथ उस स्रोत का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां से ये कोरियर भेजे गए थे।’’
धमकी भरे पत्रों का सोर्स तलाश रही पुलिस
पुलिस की शुरुआती जांच के बाद यह पता लगा है कि सभी पत्र कोरियर के जरिए भेजे गए थे। वहीं यह सभी नॉर्थ 24 परगनास डिस्ट्रिक्ट स्थित बेल्घारिया से किसी व्यक्ति ने भेजे हैं। वहीं पुलिस सिम कार्ड की भी जांच कर रही है, जिनके जरिए कोरियर एजेंसी से भेजने वाले शख्स द्वारा बातचीत की गई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अधिकारी ने बताया,”हमने कोरियर सर्विस वालों से बात कर ली है और एक मोबाइल नंबर भी ट्रैक कर लिया है। हम उसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।”
कोलकाता पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि पिछले छह महीनों के दौरान सौरव गांगुली को भेजे गए सभी धमकी भरे पत्र एक ही व्यक्ति ने भेजे हैं या इसके पीछे अलग-अलग लोग हैं। साथ ही पुलिस इन पत्रों के जरिए दी गई धमकियों के पीछे के कारण और संभावित मकसद का भी पता लगाने में जुटी है। पत्रों में लिखी गई सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। इसके अलावा, पुलिस संबंधित कोरियर सेवा और उन स्थानों की भी जानकारी जुटा रही है, जहां से ये पत्र भेजे गए थे।


