नई दिल्ली : पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिग्ज ने अपने लंबे रिश्ते को शादी के मुकाम तक पहुंचा दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ने पुर्तगाल में एक निजी समारोह के दौरान शादी की। शादी के बाद 11 अगस्त 2026 की देर रात रोनाल्डो और जॉर्जिना ने सोशल मीडिया पर अपनी अंगूठियों के साथ तस्वीर साझा कर इस खास मौके की जानकारी दी। करीब एक दशक से साथ रहे इस जोड़े के लिए यह पल बेहद खास रहा।
आपको बता दें कि पिछले साल दोनों ने सगाई की तस्वीरें शेयर की थीं। मौजूदा समय में रोनाल्डो और जॉर्जिना दो बेटियों के माता-पिता हैं। साथ ही दोनों मिलकर पांच बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। दोनों की प्रेम कहानी काफी रोचक है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो की मुलाकात जॉर्जिना से एक परफ्यूम स्टोर में हुई थी। उस मुलाकात के बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और जिंदगी पूरी तरह बदल गई।
कौन हैं जॉर्जिना रोड्रिग्ज?
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तरह उनकी पत्नी जॉर्जिना भी लोकप्रियता में पीछे नहीं हैं। उनके भी इंस्टाग्राम पर करीब 77 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके जीवन की शुरुआत आम स्टोर पर काम करने वाली असिस्टेंट के रूप में हुई थी। इसी दौरान एक परफ्यूम स्टोर पर 2016 में उनकी मुलाकात स्पेन के मैड्रिड में रोनाल्डो से हुई थी। उस एक मुलाकात ने जॉर्जिना की जिंदगी को बदल कर रख दिया।
जॉर्जिना का जन्म अर्जेंटीना में हुआ था और उनकी परवरिश स्पेन में हुई हैं। 2016 में रोनाल्डो से एक स्टोर में मुलाकात के बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ी थीं। फिर अक्सर कई इवेंट में दोनों को साथ देखा गया। देखते ही देखते जॉर्जिना का सफर एक स्टोर से मॉडलिंग तक पहुंच गया। वर्तमान में वह मॉडल के साथ-साथ एक बिजनेस वुमेन भी हैं। फैशन की दुनिया में जॉर्जिन बेहद लोकप्रिय हस्ती हैं।
पहली मुलाकात से शादी तक, कैसा रहा रोनाल्डो-जॉर्जिना का सफर?
2016 में मुलाकात और फिर 2017 में रोनाल्डो और जॉर्जिना एक कपल बन चुके थे। दोनों ने इसी साल बेटी अलाना का स्वागत किया था। इसके बाद फिर 2022 में जॉर्जिना ने दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। दुर्भाग्यवश उनका बेटा एंजेल जीवित नहीं रह सका, लेकिन जुड़वा बेटी बेला सुरक्षित है। इसके अलावा दोनों ने मिलकर कुल पांच बच्चों की परवरिश की है। रोनाल्डो का सबसे बड़ा बेटा क्रिस्टियानो जूनियर है। वहीं उनके दो और जुड़वा बच्चे मारिया और माटियो हैं।
रोनाल्डो और जॉर्जिना का रिश्ता करीब एक दशक पुराना है। इस दौरान दोनों ने लग्जरी लाइफस्टाइल के साथ-साथ कई उतार-चढ़ाव भी देखे। वहीं सबसे खास बात यह रही कि दोनों ने एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। हाल ही में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद खबरें आई थीं कि 41 वर्षीय रोनाल्डो का यह आखिरी विश्व कप था। खुद रोनाल्डो ने भी कई इवेंट पर भी इसकी जानकारी दी थी।


