विश्व कप में इतिहास रचने का मौका, श्रीजेश ने भारतीय खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

0

नई दिल्ली : भारत के पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने मौजूदा खिलाड़ियों को सलाह दी है कि वे विश्व कप के दबाव को अपने खेल पर हावी न होने दें। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी तैयारियों पर भरोसा रखने और इस बड़े मंच पर हर पल का आनंद लेने को कहा। एफआईएच विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन और बेल्जियम के वावरे में संयुक्त रूप से होगा। भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी स्टार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह कर रहे हैं, जबकि महिला टीम की कमान सलीमा टेटे के हाथों में है।

टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलिंपिक में लगातार दो कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम का लक्ष्य लंबे समय से चले आ रहे विश्व कप में पदक के सूखे को खत्म करना होगा। भारत ने आखिरी बार 1975 में विश्व कप के पोडियम पर जगह बनाई थी जब उसने स्वर्ण पदक जीता था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीजेश ने कहा कि ओलिंपिक के बाद एफआइएच हॉकी विश्व कप का दूसरा सबसे बड़ा टूर्नामेंट है और स्वाभाविक रूप से पूरी दुनिया इसे देख रही होती है तथा सभी की नजरें आप पर होती हैं। इससे काफी दबाव आता है। इस 38 वर्षीय पूर्व दिग्गज गोलकीपर ने कहा कि लेकिन आप इस दबाव को अपने खेल पर हावी नहीं होने दे सकते। जब आप इसके बारे में बहुत ज्यादा सोचना शुरू कर देते हैं तो आपका प्रदर्शन गिर जाता है। और जब प्रदर्शन गिरता है तो दबाव और बढ़ जाता है। इसलिए जरूरी है कि शांत रहें, अपनी भूमिका पर ध्यान दें और अपनी तैयारी पर भरोसा रखें।

श्रीजेश भारत के दोनों कांस्य पदक जीतने वाले ओलंपिक अभियानों का हिस्सा रहे हैं। भारतीय पुरुष टीम को पूल डी में रखा गया है और वह 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 17 और 19 अगस्त को क्रमशः इंग्लैंड और पाकिस्तान से मुकाबला होगा। एफआईएच प्रो लीग में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद श्रीजेश वैश्विक टूर्नामेंट में भारत की संभावनाओं को लेकर आशावान हैं। प्रो लीग में भारतीय टीम नौ टीमों की तालिका में आठवें स्थान पर रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here