नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की। मंगलवार, 18 अगस्त को दिन का खेल शुरू होते ही भारत को शुरुआती झटका लगा और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। भारत को पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त हासिल थी, जो चौथे दिन के पहले सत्र का खेल समाप्त होने तक बढ़कर 294 रन हो गई। शुरुआती विकेट गंवाने के बावजूद भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है और टीम श्रीलंका के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की ओर बढ़ रही है।
भारत ने गॉल टेस्ट में दूसरी पारी में लंच तक 4 विकेट पर 116 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रन बनाए थे और दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। केशरा नुवंता की एक अंदर आती तेज गेंद उनके पैर पर जा लगी और वह अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। उन्होंने 75 गेंद पर 44 रन की पारी खेली, वहीं केएल राहुल ने 35 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की।
गॉल टेस्ट में कप्तान गिल फ्लॉप, दोनों पारियों में नहीं चला बल्ला
भारतीय कप्तान शुभमन गिल का श्रीलंका में पहला टेस्ट मैच कुछ खास नहीं रहा। पहली पारी में वह 28 गेंद पर 16 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या का शिकार बने थे। दूसरी पारी में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और 20 गेंद में 8 रन ही बना पाए। उन्हें एक बार फिर प्रभात जयसूर्या ने आउट किया। उन्होंने पूरे मैच में केवल 24 रनों का ही योगदान दिया।
ऋषभ पंत गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में भी अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए। लंच तक पंत 22 गेंदों पर नाबाद 21 रन बना चुके थे, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम अब तक 99 छक्के दर्ज हैं और एक और छक्का लगाते ही वह 100 टेस्ट छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाजों की खास सूची में शामिल हो जाएंगे। उनके साथ ध्रुव जुरेल भी क्रीज पर मौजूद थे और अच्छी एकाग्रता के साथ पारी को आगे बढ़ाते नजर आए।


